startup guide : रीमा ने मेहनत तो बहुत की मगर 12वीं का रिजल्ट खास नहीं रहा, जिस वजह से किसी बड़े रैगुलर कालेज और डिगरी में उसे एडमिशन मिलना न के बराबर ही है. इस से रीमा और उस के पेरैंट्स हताश हो रहे हैं कि अब करें भी तो क्या? क्या बिना बड़ी डिगरी के भी अच्छा कैरियर बनाया जा सकता है? क्या कोई कोर्स है जो रैगुलर डिगरी न होते भी कैरियर के अच्छे अवसर दे सके?
ऐसे कई प्रश्न बहुत से स्टूडैंट्स और पेरैंट्स के मन में उठते रहते हैं जब उन के लिए किसी डिगरी के रास्ते बंद हो जाते हैं. उन्हें लगता बिना किसी डिगरी के उन का कोई भविष्य नहीं है, न तो नौकरी मिलेगी और न ही वे कोई काम कर सकेंगे. जबकि यह सत्य नहीं. आज आप के पास ऐसे बहुत से कोर्स औप्शन हैं जो 12वीं के बाद अपनाए जा सकते हैं, जो कोई बड़ी डिगरी नहीं लेकिन अच्छा काम करने, अपना बिजनैस शुरू करने और नौकरी पाने में मदद करते हैं. ये कोर्स शोर्ट टर्म सर्टिफिकेशन, डिप्लोमा में मौजूद हैं जिन के लिए अधिक मार्क्स का मानदंड या ऐंट्री टैस्ट भी नहीं है.
ये कोर्स देखनेसुनने में बहुत छोटे लगते हैं लेकिन इन्हें कर आप नौकरी भी कर सकते हैं और अपना छोटा स्टार्टअप भी शुरू कर सकते है और आज तो वैसे भी छोटे स्टार्टअप या फ्रीलांस बहुत काम कर रहे हैं और कमा भी रहे हैं जैसे:
इंटीरियर डिजाइनिंग: आजकल हर छोटी दुकान, हर छोटा घर किसी न किसी तरह की स्पेस और्गेनाइजेशन चाहता है और इस के लिए इंटीरियर डैकोरेटरों की मांग बढ़ रही है. यह कोर्स सर्टिफिकेशन, डिप्लोमा, बैचलर और मास्टर डिगरी तक है. वाईएमसीए, द इंटीरियर डिजाइन इंस्टिट्यूट, ऐकैडमी औफ ऐप्लाइड आर्ट्स आदि ये कोर्स कराते हैं. ‘खुद इंटीरियर’ डिजाइनर भी बना जा सकता है और दूसरे के लिए पार्ट प्रोजैक्ट लेने के अवसर होते हैं.
डिजिटल मार्केटिंग: यह कोर्स औनलाइनऔफलाइन मिलता है, साथ ही आज हर सैक्टर में डिजिटल मार्केटिंग की बहुत डिमांड भी है. यह कोर्स शोर्ट टर्म यानी 3 से 6 महीने का कोर्स है. यूडीईएमवाई, डीआईडीएम हब स्पौट एकेडमिक पर मौजूद है. इस में अपार अवसर हैं क्योंकि करोड़ों लोग अपना समय औनलाइन बिताते हैं और वहीं खरीदारी भी करते हैं.
प्लंबिंग: यह कोर्स 1 महीने से 1 साल का होता है. आईटीआई और एनडीएससी में यह ट्रेनिंग प्रोग्राम उपलब्ध है. साथ ही 45 दिन का कोर्स एमईपी सैंटर से किया जा सकता है और स्किल इंडिया प्लेटफौर्म पर भी यह कोर्स उपलब्ध है. हर जगह अब छोटी होती जा रही है और बंद नालियों और पाइपों का जाल बिछा हुआ है. स्मार्ट कमोड, स्मार्ट शावर आने से प्लानिंग का क्षेत्र बहुत बड़ा ही गया है.
सैनिटाइजेशन: सैनिटाइजेशन की गंभीरता अब हर क्षेत्र समझ रहा है. छोटेबड़े हर औफिस, होटल, अस्पताल, स्कूल हर जगह लोगों की चहलपहल और जमावड़ा है वहां सैनिटाइजेशन पर ध्यान और काम किया जा रहा है. यह औनलाइन और औफलाइन है जहां सर्टिफिकेशन और डिप्लोमा दोनों उपलब्ध हैं. आईजीएमपीआई, एनआईपीएचटीआर से सैनिटाइजेशन इंस्पैक्टर की पढ़ाई कर सकते हैं.
औटो मोबाइल रिपेयर: यह कोर्स 2 से 6 महीने का होता है. यह केयर स्किल्स ऐकैडमिक, आईटीआई, इंडियन इंस्टिट्यूट औफ स्किल डैवलपमैंट ट्रेनिंग आदि से सर्टिफिकेशन या डिप्लोमा किया जा सकता है. जिस तरह से व्हीकल बढ़ रहे हैं, उन में मौके भी बढ़ रहे हैं.
फर्नीचर डिजाइन: 6 महीने से सालभर का डिप्लोमा कोर्स आप को वाईएमसीए से मिलता है साथ ही कुछ इंस्टिट्यूट में बैचलर डिगरी का औप्शन भी मौजूद है.
ट्रैवल टिकटिंग: वाईएमसीए, आईएटीए इंडियन ट्रैवल टूरिज्म ऐंड इंस्टिट्यूट, टूरिज्म स्कूल आदि यह शौर्ट टर्म कोर्स कराते हैं.
कलिनरी आर्ट्स: यहां कोर्स सर्टिफिकेशन से ले कर डिगरी तक किया जा सकता है. आईआईसीए इंटरनैशनल कुलिनरी इंस्टिट्यूट, आईएचए और बहुत से छोटे प्राइवेट इंस्टिट्यूट यह कोर्स करा रहे हैं.
इवेंट मैनेजमैंट: आजकल बहुत पौपुलर कोर्स है जो मास्टर डिगरी के अलावा शौर्ट टर्म और डिप्लोमा में भी मौजूद है जो आप आईजीएनओयू, आईआईएसडीटी, एएएफटी से कर सकते हैं.
वैब डैवलपर ऐंड डिजाइनिंग: आज हर हर कोई अपने काम, औफिस या अपने प्रोडक्ट की वैबसाइट चाहता है, जिस के लिए वैब डैवलपर चाहिए. वैब डैवलपर या डिजाइनिंग का 3 से 6 महीने का कोर्स वैब डैवलपमेंट इंस्टिट्यूट, डीआईसीई, कौरसेरा से किया जा सकता है.
अब यहां कुछ ऐसे कोर्स भी बताएं गए हैं जो शौर्टटर्म हैं और अच्छी नौकरी दे सकते हैं. जैसे:
रेडियो जौकी: 3 से 6 महीने का सर्टिफिकेशन या 1-2 साल का डिप्लोमा या डिगरी आप इस क्षेत्र में कर सकते हैं. आईआईएमसी, ऐकैडमी औफ ब्रौडकास्टिंग, एएएफटी जामिया मिलिया इस्लामिया आदि में कोर्स उपलब्ध हैं.
कैबिन क्रू: यह कोर्स भी 6 महीने से सालभर का डिप्लोमा और 3 वर्ष की डिगरी तक है. जो वाईएमसीए, आईएटीए के साथ बहुत से प्राइवेट इंस्टिट्यूट द्वारा कराया जाता है.
फायर फाइटिंग: यह 6 महीने से सालभर का सर्टिफिकेशन और डिप्लोमा कोर्स है. यह आईएफई, आईएए फायर ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट, दिल्ली इंस्टिट्यूट औफ फायर इंजीनियरिंग आदि द्वारा कराए जाते हैं. दिल्ली में एक संकरी गली में लगी आग ने इस फील्ड को ऐक्सपैन कर दिया है और लोग अब सरकारी जरूरत न होने पर भी फायर कंसल्टैंट रखने की कोशिश करेंगे ताकि भविष्य में कभी आफत न आए.
होटल मैनेजमैंट: होटल मैनेजमैंट में भी सर्टिफिकेशन और डिप्लोमा कोर्स है. आप वाईएमसीए, आईआईएचएम, डीपीएमआई से कर सकते हैं.
डाटा ऐंट्री: यह 3 से 6 महीने के डिप्लोमा कोर्स में है जो डैमी कौसेरा स्किल इंडिया डिजिटल हब, एनसीटीए से किया जा सकता है.
यहां हम ने कुछ कोर्सेज का ही जिक्र किया है जबकि और भी बहुत से कोर्स हैं जो आप को कम अंकों के साथ भी, रैगुलर डिगरी के बिना भी अच्छा कैरियर बनाने में मदद करते हैं. मगर उन कोर्सेज का ब्योरा आप को गूगल या इंस्टाग्राम पर नहीं मिलेगा क्योंकि वहां तो सिर्फ ट्रेंडिंग चीजों का शोशा होता है, जो अधिकतर पेड प्रमोशन है.
सही और विस्तार से जानकारी के लिए स्टूडैंट्स और उन के पेरैंट्स को चाहिए कि किताबों और पत्रिकाओं का साथ लें क्योंकि यहां बताई गई बातों का उद्देश्य प्रचार नहीं जागरूकता होती है.

