Skincare Tips :  गरमी और उमस का मौसम त्वचा के लिए सब से चुनौतीपूर्ण समय होता है. जैसेजैसे तापमान बढ़ता है और हवा में नमी का स्तर बढ़ता है, त्वचा का संतुलन बिगड़ने लगता है. पसीना, अतिरिक्त तेल और धूलमिट्टी मिल कर पोर्स को बंद कर देते हैं जिससे ब्रेकआउट्स, रैशेज और स्किन इरिटेशन की समस्या आम हो जाती है. अकसर महिलाएं इस समय अपनी स्किन के साथ क्या करें इसे लेकर भ्रमित रहती हैं. लेकिन सच्चाई यह है कि गरमियों में स्किन को जटिल नहीं बल्कि हलकी, नियमित और समझदारी भरी देखभाल की जरूरत होती है. ऐसी देखभाल जो त्वचा को साफ रखे, ठंडक दे और संतुलन बनाए रखे.

गरमी में त्वचा को क्या चाहिए: इस मौसम में आपकी त्वचा को 3 चीजों की सबसे ज्यादा जरूरत होती है- सफाई, ठंडक और हाइड्रेशन. जब आप इन तीनों पर ध्यान देती हैं तो ब्रेकआउट्स और अन्य समस्याएं काफी हद तक कम हो जाती हैं.

सही सफाई है सब से पहला कदम: गरमी में त्वचा को बारबार साफ करना जरूरी है लेकिन इसका मतलब हार्श प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल नहीं है. आप घर पर ही एक प्रभावी और सौम्य स्क्रब तैयार कर सकती हैं.

डीआईवाई क्लींजिंग स्क्रब: मुलतानी मिट्टी, चने का आटा और चंदन पाउडर को बराबर मात्रा में मिलाकर एक एअरटाइट कंटेनर में रखें. इस्तेमाल के समय 1 चम्मच मिश्रण में पानी मिला कर पेस्ट बनाएं और हलके हाथों से त्वचा पर रगड़ें. यह त्वचा से गंदगी, अतिरिक्त तेल और मृत कोशिकाओं को हटाता है. हफ्ते में 3 बार इस का उपयोग करने से त्वचा साफ और संतुलित बनी रहती है. इसके साथ ही मौसमी फलों का उपयोग भी त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद होता है. अंगूर का गूदा त्वचा को मौइस्चराइज करता है, पोषण देता है और डिटौक्स करने में मदद करता है खासकर आंखों और मुंह के आसपास.

नैचुरल कूलिंग और फ्रैशनैस: उमस भरे मौसम में त्वचा को ठंडक देना बहुत जरूरी है. ये सरल घरेलू उपाय तुरंत राहत देते हैं:

पपीता ब्लैकहैड्स और डल स्किन पर लगाने से त्वचा साफ और ब्राइट होती है.

खीरे का रस और गुलाबजल मिला कर लगाने से त्वचा ठंडी होती है और औयलीनैस कम होती है.

तरबूज का रस चेहरे और गरदन पर लगाने से त्वचा तुरंत फ्रेश महसूस करती है.

नारियल पानी को हलके हाथों से त्वचा पर थपथपाने से हीट रैश में राहत मिलती है और त्वचा निखरती है.

ये सभी उपाय त्वचा को बिना नुकसान पहुंचाए ताजगी और संतुलन देते हैं.

आंखों को भी चाहिए देखभाल: गरमी और स्क्रीन टाइम के कारण आंखों के आसपास सूजन, जलन और थकान बढ़ जाती है.

खीरे के स्लाइस या ठंडे दूध में भिगोए हुए कौटन पैड्स को आंखों पर रखने से तुरंत राहत मिलती है. वहीं, ठंडे आलू के स्लाइस आंखों की लाली और खुजली को कम करने में मदद करते हैं.

ब्रेकआउट्स को समझना और संभालना: गरमी में ब्रेकआउट्स सबसे आम समस्या है लेकिन सही देखभाल से इसे नियंत्रित किया जा सकता है.

क्लींजिंग के लिए: 1 चम्मच एप्सम साल्ट को 1 कप गरम पानी में घोल कर कौटन की मदद से प्रभावित हिस्सों पर लगाएं. यह त्वचा को साफ करने में मदद करता है.

एक और विकल्प है पपीता मिंट टी बैग को गरम पानी में लगाना. यह एक नैचुरल डी कंजैस्टिंग लोशन की तरह काम करता है.

टोनिंग के लिए: ठंडे पानी में 2-3 बूंद टी ट्री औयल मिलाकर चेहरे को धोएं. यह ऐंटीबैक्टीरियल मिश्रण त्वचा को साफ रखने में मदद करता है और ब्रेकआउट्स बढ़ने से रोकता है.

फेस पैक: 2 लहसुन की कलियां, 1 चम्मच कैलामाइन, 2 चम्मच एग व्हाइट, 2 बूंद टी ट्री औयल और 1 बूंद पचौली औयल मिला कर पेस्ट बनाएं. इसे चेहरे पर 20 मिनट के लिए लगाएं. यह त्वचा को डीप क्लीन करता है और ऐक्नो को नियंत्रित करने में मदद करता है.

मौइस्चराइजिंग भी है जरूरी: बहुत सी महिलाएं सोचती हैं कि औयली स्किन को मौइस्चराइजर की जरूरत नहीं होती लेकिन यह गलत है.

गुलाबजल में 1/2 चम्मच सिरका, 5 बूंदें ग्लिसरीन और 2 बूंद टी ट्री औयल मिलाकर एक हलका मौइस्चराइजर तैयार करें. यह त्वचा को हाइड्रेट रखता है और पोर्स को बंद नहीं करता.

ऐक्नो को सुखाने के लिए: टी ट्री औयल को सीधे प्रभावित हिस्से पर हलके से लगाएं. शुरुआत में हलकी जलन हो सकती है लेकिन यह संक्रमण को फैलने से रोकता है और पिंपल्स को जल्दी सुखाने में मदद करता है.

दागधब्बे हलके करने के लिए: हरे अंगूर में फिटकरी और नमक मिलाकर हलका सा बेक करें और उसका रस निकाल कर चेहरे पर लगाएं. यह त्वचा के दागधब्बों को हलका करने में मदद करता है.

इसके अलावा पानी में 1 बूंद पचौली औयल मिलाकर ऐक्नो के निशानों पर लगाने से भी सुधार देखा जा सकता है.

गरमी और उमस का मौसम भले ही आप की त्वचा के लिए चुनौतीपूर्ण हो लेकिन सही समझ और नियमित देखभाल से आप इसे आसानी से संतुलित रख सकती हैं. त्वचा को बारबार साफ रखना, उसे ठंडक देना, हलके और नैचुरल उपायों का सहारा लेना, ये सभी छोटेछोटे कदम मिलकर बड़े बदलाव लाते हैं.

सब से महत्त्वपूर्ण बात यह है कि आप अपनी त्वचा को सुनें और उसकी जरूरतों के अनुसार देखभाल करें. प्रकृति में हर समस्या का समाधान छिपा है, बस जरूरत है उसे सही तरीके से अपनाने की. जब आप अपनी स्किन को हलके, नैचुरल और संतुलित तरीके से ट्रीट करती हैं तो वह खुदबखुद स्वस्थ, साफ और चमकदार बन जाती है.

blosum kochar

ब्लौसम कोचर सौंदर्य विशेषज्ञा