college selection tips : गृहशोभा के ‘यूनिवर्सिटी औफ लाइफ सेगमेंट’ में आज हौस्पिटैलिटी इंडस्ट्री से रचना दीक्षित हैं. 12वीं कक्षा की परीक्षा के बाद रचना दीक्षित के पास कैरियर बनाने के लिए 3 विकल्प थे- जर्नलिज्म, इंग्लिश औनर्स और होटल मैनेजमैंट. इन में उन्होंने होटल मैनेजमैंट का चयन किया और आज 20 साल का अनुभव प्राप्त कर लिया है. आज उन से हुई बातचीत के माध्यम से हम उन स्टूडैंट्स के लिए ऐडवाइज ऐंड गाइडैंस लाए हैं जो हौस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में कैरियर बनाना चाहते हैं :
स्कूल में वह कौन सा सब्जैक्ट है जो हौस्पिटैलिटी इंडस्ट्री की पढ़ाई में फायदेमंद है?
कैमिस्ट्री. हौस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में फूड बिजनैस एक महत्त्वपूर्ण कंपोनैंट है, जिस का कैमिस्ट्री से नाता है क्योंकि फ्लेवर का एकदूसरे से इंटरैक्शन एक कैमिकल रिएक्शन ही तो है और उस कैमिकल रिएक्शन से हमें रिजल्ट मिलता है. जैसे एक बुक है ‘लैसन इन कैमिस्ट्री’, जिस में प्रमुख पात्र जो एक कैमिस्ट, साइंटिस्ट है उस ने खाना बनाने के माध्यम से कैमिस्ट्री दिखाई है. दूसरा सब्जैक्ट होगा लैंग्वेज. अब वह हिंदी हो या इंग्लिश या कोई और भाषा. आप की जो भाषा है उसे सही से सीखे क्योंकि इस इंडस्ट्री में आप को इंटरैक्शन, कम्युनिकेशन करना है तो सही भाषा बोलने से क्लाइंट से आसानी से बातचीत होगी.
कालेज का चुनाव करते समय किन बातों का रखें ध्यान?
पहला तो औन कैंपस रिक्रूटमैंट देखें. पता करें कि वहां कौन सी कंपनी, होटल की चेंस आती हैं स्टूडैंट्स को जौब औफर करने के लिए. दूसरा पता करें कि फैकल्टी कौन है, कैसी है, उन का ऐक्सपीरियंस, कहां काम किया है.
आज ही सब्सक्राइब करें सरिता
आपके लिए स्पेशल छूट

नजरिया बदलें तो सोच बदलेगी
तीसरा है इंटर्नशिप प्रोग्राम और साथ ही पता करें कि गैस्ट लैक्चर है या नहीं, होटल विजिट है या नहीं.
जैसे मैं ने आईएचएम से पढ़ा है जो इस समय 50-60 साल पुराना इंस्टिट्यूट है. तो उन्होंने अपने सिलेबस, ट्रेनिंग, सुविधाएं सब परफैक्ट कर रखी हैं. वहां बताया जाता है कि टमाटर का रंग, साइज, शेप कैसी होनी चाहिए. मीट काट रहे हैं तो वह कट कितनी शार्प हो, स्लाइस की थिकनैस कितनी हो जो एक ऐक्सीलैंट शेफ बनने के लिए बहुत जरूरी है.
जिस कालेज में स्टूडैंट्स को मैक्सिमम ऐक्सपोजर मिले, प्रैक्टिकल नौलेज, टीचिंग मिले वह कालेज अच्छा है, साथ ही आप अपनी क्लासेज बंक न करो क्योंकि अगर किसी क्लास में मक्खन फेंटना सिखाया हो और आप नहीं गए तो अगले दिन आप को वह नहीं आएगा. यह आप अपने क्लासमेट से नहीं सीख सकते क्योंकि वह तो खुद सीख रहा है. ऐसे में आप को परफैक्ट टैकनीक कैसे सम झाएगा.
सर्टिफिकेशन और स्किल्स जो हौस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में आगे बड़ने में काम आती है?
सर्टिफिकेट डिपैंडैंट करता है कि आप का स्पैशलाइजेशन क्या है, आप आगे किस में और अच्छा स्कोप चाहते हैं. जैसे अगर आप शेफ हैं तो फ्रैंच ले कौर्डन ब्लू सर्टिफिकेट है ठीक वैसे ही वाइन ऐंड अल्कोहल में भी सर्टिफिकेशन है जो आप को उन की बहुत अच्छी सम झ देते हैं. इन्वैंटरी मैनेजमैंट के सर्टिफिकेशन हैं. रही स्किल्स की बात तो कम्युनिकेशन स्किल जरूरी है. आप चाहे जो भाषा बोलो, उसे पूरा सीखो. अधूरी हिंदी या इंग्लिश नहीं. जो बोलो पूरा बोलो और साफ बोलो.
रीडिंग स्किल डैवलप करो जैसे स्कूल में लाउड रीडिंग होती थी, जिस से हमारी प्रैक्टिस होती थी. आप अब घर पर करो और आज तो बहुत से ऐप हैं जहां लोगों के साथ प्रैक्टिस कर सकते हैं. लिखने की प्रैक्टिस भी करें. हौस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के लिए सही ढंग से स्पीकिंग, कम्युनिकेशन और राइटिंग बहुत जरूरी है. आप की पेशैंस स्किल भी जरूरी है. आप को हर सिचुएशन में धैर्य से काम करना होगा.
इस फील्ड में आने से पहले स्टूडैंट्स किन बातों पर ध्यान दें?
जो भी स्टूडैंट्स होटल मैनेजमैंट का कोर्स ले रहे हैं या हौस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में किसी भी रोल या सर्विस में जा रहे हैं वे इस बात का ध्यान में रखें कि बाहर से यह एक ग्लैमरस दुनिया लगती है लेकिन यह भी बाकी सैक्टर की तरह हार्ड वर्क मांगता है. यहां डिसिप्लिन सब से इंपौर्टैंट है, क्लाइंट कई बार नाराज होते हैं तो आप को उन का गुस्सा, उन की शिकायत सुननी होगी और स्माइल के साथ सौरी भी बोलना होगा.
यहां वर्किंग आवर्स भी लंबे होते हैं, यहां सफाई से ले कर खाना बनाने तक सारे काम सीख कर उन्हें कर आगे जाना होता है. तभी आप ‘डिग्निटी औफ लेबर’ सम झोगे और अगर आप इन सब कामों को करने में कंफर्टेबल नहीं हैं तो यह इंडस्ट्री आप के लिए नहीं है. इसलिए होटल मैनेजमैंट में जाने से पहले एक ऐप्टिट्यूड टैस्ट जरूर लें.
जो स्टूडैंट्स होटल मैनेजमैंट में चले गए हैं और उन्हें अब यह पसंद नहीं आ रहा है तो मैं उन से यही कहूंगी कि एक बार कोर्स पूरा कर लो फिर आप कैरियर चेंज कर लेना क्योंकि इस कोर्स के बाद भी कैरियर औप्शन बहुत हैं और अगर आप का मन बिलकुल इस कोर्स में नहीं लग रहा, बहुत परेशान हैं तो कोर्स छोड़ दें क्योंकि पहले तो एक स्टूडैंट का दुखी होना उस की स्टडी, उस की हैल्थ के लिए ठीक नहीं. दूसरा जब एक चीज छोड़ोगे तभी दूसरी चीज लोगे.
होटल मैनेजमैंट डिगरी के साथ और किन से सैक्टरों में कैरियर औप्शन हैं?
अगर आप ने होटल मैनेजमैंट कर लिया है तो हर सैक्टर में काम कर सकते हैं क्योंकि यहां आप ने डिसिप्लिन सीख लिया, कम्युनिकेशन सीख लिया, आप अडौप्ट करना सीख गए और यह सब किसी भी इंडस्ट्री में काम करने के लिए चाहिए. तो इस के साथ आप ऐविएशन स्टाफ, इवेंट मैनेजमैंट, कौल सैंटर, बड़ी एमएनसी में गैस्ट रिलेशन, ऐसे बहुत औप्शन में अच्छा कैरियर बना सकते हैं.
टैक्नोलौजी या एआई की वजह से क्या इस इंडस्ट्री में कैरियर स्कोप कम हो सकता है?
मुझे नहीं लगता कि हौस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को इन से कोई खतरा है. आज हर हौस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में ह्यूमन की सर्व, क्लीन, कुक और मैनेज कर रहे हैं और आगे भी वही करते रहेंगे. जब तक कि रोबोट्स न आएं और ये सब काम करें और रोबोट्स का इस फील्ड में आना अभी तक तो दिखता नहीं खासकर इंडिया में.
दूसरा कोविड-19 के बाद होमस्टे, रैस्टोररैंट, हौलिडे प्रौपर्टी इन सब का बहुत फैलाव हुआ है जो जौब के लिए अच्छा है क्योंकि हरकोई जो होटल मैनेजमैंट करता है उसे फाइव स्टार होटल में जौब नहीं मिलती. फाइव स्टार होटल बहुत कम है और उन में जौब भी कम. इसलिए और लोगों को बाकी जगहों पर जौब मिल सकती है और सब से जरूरी बात हौस्पिटैलिटी इंडस्ट्री हो या टीचिंग, मैडिकल, सर्जन ये सब ऐसी जौब हैं जहां ह्यूमन कनैक्शन, ह्यूमन इंटरैक्शन है जिसे मु झे नहीं लगता कि कोई एआई टैक्नोलौजी रिप्लेस कर पाएगी.
गर्ल्स स्टूडैंट्स और उन के पेरैंट्स से कुछ कहना चाहेंगी?
हर लड़की के लिए ऐजुकेशन बहुत जरूरी है. कभी शादी के लिए, भाई की पढ़ाई के लिए या किसी भी वजह से उन की ऐजुकेशन नहीं रुकनी चाहिए क्योंकि उन के लिए ऐजुकेशन ही पूंजी है. इस से वे फाइनैंशियल इंडिपैंडैंट बनेंगी, साथ ही गर्ल्स आप जो भी कमाओ उसे अपने लिए भी सेव करो. फैमिली को सपोर्ट जरूर करो, लेकिन अपने लिए भी पैसे सेव करो और खुद के लिए सेविंग करना कोई सैल्फिशनैस नहीं है.
कैरियर टिप्स
प्रोफैशनल कालेज चुनने से पहले कैंपस रिक्रूटमैंट जरूर देखें. इस से पता चलेगा कि यहां कंपनियां कैसे औफर दे रही हैं.
इंटर्नशिप प्रोग्राम में गैस्ट लैक्चर और होटल विजिट का होना जरूरी है.
होटल मैनजमैंट की पढ़ाई के दौरान छोटी से छोटी डिटेल को बारीकी से सम झें. यहां छोटी गलती बड़ा नुकसान कर सकती है.

