17 साल की छोटी उम्र से अभिनय के क्षेत्र में कदम रखने वाली शिल्पा शेट्टी कुंद्रा मौडल, अभिनेत्री, पत्नी, मां और अब महिला उद्यमी हैं. उन्होंने करीब 60 फिल्मों में बतौर अभिनेत्री अभिनय किया. इन में तमिल, तेलुगू और कन्नड़ फिल्में भी शामिल हैं. शिल्पा हमेशा कुछ नया और अलग काम करने का शौक रखती हैं. यही वजह है कि अभिनय के साथसाथ व्यवसाय भी जारी रखा. इस की प्रेरणा मिली थी पहले मातापिता से और फिर शादी के बाद पति राज कुंद्रा से. शिल्पा ‘सतयुग गोल्ड’, ‘आइओसिस स्पा ऐंड सैलून’, ‘योगा ऐंड थेरैपी सैंटर्स’ और अब ‘बेस्ट डील टीवी चैनल’ की चेयरपर्सन हैं.
अभिनेत्री नहीं बनना था
शिल्पा मुंबई में ही पलीबढ़ी हुई हैं. सैंट ऐंथोनी कौन्वैंट से स्कूल की पढ़ाई की. फिर जूनियर कालेज के बाद कौमर्स पढ़ने के लिए माटूंगा के पोद्दार कालेज गईं. पढ़ाई में उन की एकदम रुचि नहीं थी. पोद्दार कालेज में भी उन्हें दाखिला स्पोर्ट कोटे से मिला, क्योंकि वे वौलीबौल की राज्य स्तरीय चैंपियन थीं. उन का सपना बिजनैस वूमन बनने का था. अभिनेत्री बनने के बारे में उन्होंने कभी नहीं सोचा था. शिल्पा तब 10वीं कक्षा में पढ़ती थीं जब उन की एक फ्रैंड ने उन के कुछ फोटो खींच कर मौडलिंग ऐजैंसी को भेज दिए. इस तरह उन्हें ऐड मिलने लगे. फिर 2 साल बाद ‘बाजीगर’ फिल्म का औफर मिला. लेकिन लाइफ में इतना बदलाव आएगा, शिल्पा ने ऐसा कभी नहीं सोचा था.
