Work Life Balance: रीमा और आदित्य कभी एकदूसरे की आंखों में सुबह ढूंढ़ते थे, अब लंबे समय से अपनेअपने कामों के मेलबौक्स में खो गए थे. मीटिंग्स, डैडलाइन और मोबाइल स्क्रीन ने उन के रिश्ते में सन्नाटा भर दिया था. फिर एक दिन आदित्य ने रीमा को बिना वजह कौफी पर बुलाया. दोनों अचकचाए, मुसकराए और फिर बातोंबातों में पुराने किस्से धीरेधीरे लौटने लगे.
रीमा बोली, ‘‘हम काम में इतना खो गए थे कि साथ चलना भूल गए थे.’’ आदित्य ने रीमा का हाथ थामते हुए कहा, ‘‘तो क्या हुआ? फिर से चलना शुरू कर लेते हैं.’’ कभीकभी दूरी नहीं, एक कौफी और इरादा ही काफी होता है एक नई शुरुआत के लिए.
आगे बढ़ने की रेस
आजकल की जिंदगी में काम और कैरियर की रेस इतनी तेज हो गई है कि हम अकसर उन लोगों को पीछे छोड़ देते हैं जिन के साथ यह सफर शुरू किया था. सुबह की नींद औफिस कौल्स से टूटती है और रातें लैपटौप की नीली रोशनी में बीत जाती हैं. ऐसे में न जाने कब रिश्तों के बीच एक खामोशी आ कर बैठ जाती है जो बोलती कुछ नहीं पर बहुत कुछ कह जाती है.
कभी जिन से घंटों बातें करते थे, अब उन से हफ्तों तक सिर्फ ‘ठीक हूं’ या ‘बिजी हूं’ में बातचीत सिमट जाती है. क्या यह सच में बिजनैस है या हम खुद ही अपने रिश्तों से दूरी बना बैठे हैं? लेकिन अच्छी बात यह है कि रिश्ते टूटते नहीं, बस थम जाते हैं और हर थमे रिश्ते को फिर से चलाने के लिए बस एक छोटी सी कोशिश काफी होती है.
