Left Handers: पड़ोस में रहने वाला 6 साल का सोनू हमेशा हर काम लेफ्ट हैंड यानि बाएं हाथ से करता है. लिखना, किताब खोलना, किसी को कुछ देना, खेलना आदि जो भी काम करता है, वह बाएं हाथ से ही करता है. उस की दादी उसे हमेशा टोकती रहती हैं कि बाएं हाथ से कोई काम मत करो, क्योंकि वह अशुभ होता है, लेकिन सोनू को यह समझ में नहीं आता है कि दादी उसे इतना डांटती क्यों हैं.
एक दिन तो उस ने दादी से पूछ ही लिया,"दादी, मेरे 2 हाथ हैं, जिन से काम करने में सुविधा होगी, उसी से करूंगा न, आप मुझे टोकिए मत, मुझे अच्छा नहीं लगता."
इस पर दादी ने बड़े भाषण दे दिए कि बाएं हाथ का प्रयोग शौच के समय किया जाता है, इसलिए उसे गंदा हाथ मानते हैं.
सोनू का जवाब भी सटीक था. उस ने कहा,"दादी, शौच के बाद तो मैं साबुन से अच्छी तरह से हाथ धो लेता हूं, गंदगी कहां से रहेगी?"
दादी ऐसी बातें सुन कर आज के हालात को दोष मानती हैं, जहां छोटा बच्चा भी बात नहीं माना करता, क्योंकि पेरैंट्स इस पर ध्यान नहीं देते. यही वजह है कि कई बार इसी दबाव की वजह से बच्चे बाएं हाथ का ज्यादा सक्रिय होने के बाद भी दाएं हाथ से काम करने को मजबूर होते हैं, क्योंकि उन्हें बारबार दाहिने हाथ के प्रयोग करने के लिए टोका जाता है.
