Salman Khan : मशहूर ऐक्टर सलमान खान, जिन के पास आज की तारीख में पैसों की कोई कमी नहीं है, उन की जिंदगी में एक समय ऐसा भी था जब टैक्सी या रिकशा में ट्रैवल करने के लिए उन के पास पैसे नहीं होते थे.
उस दौरान टैक्सी में ट्रैवल करना किसी सुखद सपने से कम नहीं था. लिहाजा, टैक्सी में ट्रैवल करने के लिए सलमान खान न सिर्फ टैक्सी ड्राइवर को झूठ बोल कर बिना पैसे दिए नौ दो ग्यारह हो जाते थे, बल्कि कई बार कालेज के दौरान टैक्सी में सफर करने के शौक के चलते बिना पैसों के भी टैक्सी ड्राइवर को बेवकूफ बना कर टैक्सी में ट्रैवल किया करते थे.
इस तरह की और वीडियो देखने के लिए गृहशोभा के चैनल को सब्सक्राइब करें
मजेदार कहानी
ऐसा ही एक वाकेआ सलमान खान ने एक शो के दौरान बताया. उन्होंने बताया कि कालेज में पढ़ाई करने के दौरान जेवियर्स कालेज और एलफिंसटन कालेज में ट्रैवल करते था, तब कई बार टैक्सी में ट्रैवल करने के दौरान ड्राइवर को जानबूझ कर एक गली पहले टैक्सी रोकने के लिए कहता था और किराया न होने की वजह से ड्राइवर को बोलता था कि मैं वहां फर्स्ट फ्लोर पर जा रहा हूं, वहां से ला कर पैसे देता हूं. मगर फिर गली में घुसते ही मैं रफूचक्कर हो जाया करता था.
जब नाम और पैसा हुआ
सलमान बताते हैं कि कालेज के बाद जब मैं मौडलिंग करने लगा और एक फिल्म भी साइन कर ली तब मेरे पास पैसे आ गए थे. उसी दौरान मैं फिर एक बार अपने घर जाने के लिए एक टैक्सी में बैठा और सचमुच अपना पर्स सीट पर ही भूल गया. मैं जिस टैक्सी में बैठा उस का टैक्सी ड्राइवर मुझे बारबार शीशे में देख कर बोल रहा था कि बाबा, मैं ने पहले भी आप को कहीं देखा है. उसी वक्त जैसे ही मैं ने बोला कि वह देखो पहले फ्लोर पर मैं जा कर पैसे ले कर आता हूं, मेरे पास अभी पैसे नहीं हैं, यह सुनते ही उस को याद आ गया कि कालेज के दौरान मैं ने उस को कालेज के पास ऐसे ही बेवकूफ बनाया था.
जम कर सुनी गालियां
सलमान कहते हैं कि उस के बाद जो मुझे उस ने गालियां दीं, लेकिन मुझे उस की गालियां सुन कर बहुत हंसी आई, अपनी पुरानी हरकतों को याद कर के.
मुझे हंसता देख ड्राइवर भी हंसने लगा. मैं ने उस ड्राइवर से कहा कि उस वक्त मेरे पास पैसे नहीं थे लेकिन आज मैं तुम को उस दिन के किराए से ले कर अभी तक जो भी इंटरेस्ट हुआ है सब चुकाऊंगा.
ड्राइवर खुश हो गया और अपनी गलती सुधारते हुए मैं ने उस को पूरे पैसे अदा कर दिए.
