Couple fitness : ‘‘अरे शीना तू ने बताया नहीं तू मां बनने वाली है? बधाई हो. हां, बस पेट ऐक्सचेंज हो गए. तेरा बौयफ्रैंड कितने महीने का प्रैगनैंट है?’’
‘‘क्या? बस भी करो,’’ शीना अपनी सहेलियों की बात सुन तिलमिला गई क्योंकि यह कोई बधाई नहीं बल्कि एक खिल्ली थी जो उस की सहेलियों ने शीना के थुलथुल पेट वाले बौयफ्रैंड को देख कर उड़ाई थी.
आजकल हरकोई शीना से उस के बौयफ्रैंड के मोटापे को देखदेख कुछ न कुछ मजाक कर ही देता है, जिस से शीना बहुत परेशान हो रही है. उस ने कई बार अपने बौयफ्रैंड को समझाया भी कि अपनी बौडी पर ध्यान दे लेकिन वह सुनता ही नहीं और जो मरजी वह दिन भर खाता रहता है.
शीना को यह भी डर है कि आखिर 1 साल के अंदरअंदर उस के बौयफ्रैंड को हो क्या गया जो वह 60 किलोग्राम 80 किलोग्राम का तो हुआ ही, साथ ही एक पतीले जैसा पेट ले भी घूम रहा है. कहीं उसे कोई हारमोनल दिक्कत तो पैदा नहीं हो गई? न वह मेरी किसी बात को समझता है, न तो जंक फूड खाना छोड़ता है, न कोई ऐक्सरसाइज करता है और न ही कोई मैडिकल टैस्ट करवा रहा है.
उलट कहता, ‘‘तो क्या हुआ मैं मोटा हो गया तो? बहुत लोग शादी के बाद मोटे होते हैं मैं पहले हो गया. वैसे भी लड़के यह बौडी वर्क, ऐब्स, बाइसैप्स सब सिर्फ लड़की पटाने के लिए बनाते हैं. मगर तुम मेरे पास पहले से हो तो फिर क्यों मेहनत करूं और तुम तो मेरे मन से दिल से प्यार करती हो न तो फिर मेरी बौडी दूसरों की तरह क्यों जज कर रही हो? क्या मुझे छोड़ना चाहती हो?’’
