Blood Clots in Periods: बिगड़ी हुई लाइफस्टाइल शरीर के लगभग सभी अंगों को प्रभावित करती है, लेकिन अक्सर हम शरीर में होने वाले कुछ बदलावों को अनदेखा कर देते हैं. कई बार यही छोटी-सी लापरवाही आगे चलकर बड़ी स्वास्थ्य समस्या का रूप ले सकती है. ऐसी ही एक स्थिति है पीरियड्स के दौरान अधिक मात्रा में खून के थक्के आना और तेज बदबू महसूस होना.
हालांकि कभी-कभी छोटे थक्के आना सामान्य हो सकता है, लेकिन बार-बार बड़े थक्के आना, अत्यधिक रक्तस्राव होना और साथ में दुर्गंध महसूस होना शरीर की किसी अंदरूनी समस्या का संकेत हो सकता है.
लक्षणों को पहचानें
विशेषज्ञों के अनुसार यदि मासिक धर्म के दौरान:
बार-बार बड़े ब्लड क्लॉट्स आएं,
अत्यधिक ब्लीडिंग हो,
तेज बदबू महसूस हो,
हर 1–2 घंटे में पैड बदलने की आवश्यकता पड़े,
तो इन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
यह समस्याएं हार्मोनल असंतुलन, संक्रमण, PCOS, एंडोमेट्रियोसिस, गर्भाशय में फाइब्रॉइड्स या थायरॉइड संबंधी विकारों का संकेत हो सकती हैं. अक्सर महिलाएं इसे सामान्य मानकर अनदेखा कर देती हैं, जबकि लंबे समय तक हैवी ब्लीडिंग शरीर में आयरन की कमी और एनीमिया का कारण बन सकती है. वहीं, तेज बदबू कई बार बैक्टीरियल या फंगल संक्रमण की ओर इशारा करती है. यदि बदबू के साथ खुजली, जलन, पेट दर्द या पीले-हरे रंग का डिस्चार्ज भी हो, तो तुरंत चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए.
