त्योहारों का मौसम एक बार फिर आ गया है. हर कोई तैयार है त्योहारों का मजा लूटने के लिए. महिलाएं तो त्योहारों को ले कर बेहद उत्साहित रहती हैं. वे चाहती हैं कि इन खास मौकों पर कुछ खास दिखाई दें. इस के लिए वे महीनों पहले से तैयारियां भी शुरू कर देती हैं. लेकिन कंप्लीट मेकअप और ड्रैसअप के बाद सोच में पड़ जाती है कि हेयरस्टाइल कौन सा बनाएं? जो महिलाएं स्वयं घर पर तैयार होती हैं वे अकसर हेयर डिजाइन को ले कर परेशान रहती हैं. हम आप को कुछ बेहद आकर्षक और आसान हेयर डिजाइंस बनाने के तरीके बता रहे हैं.
जूड़ाचोटी
माथे के ऊपर के केशों को ले कर पिनअप कर लें. उस के बाद कानों के ऊपर के केशों को ले कर बैक कौंबिंग करें और इन्हें सैट करने के लिए जैल लगा लें. नीचे बचे केशों के 4-5 भाग कर लें और 1-1 भाग को उंगली पर लपेटते हुए बैक कौंबिंग के नीचे पिनअप करती जाएं. अंतिम सिरों को ऐसे ही छोड़ दें. अब केशों पर स्प्रे करें. इस के बाद पीछे जो केश बचे हैं, उन की एक पोनीटेल बना कर उस के 4 भाग कर लें. दोनों साइड के सैक्शन के रोल बना कर बैक कौंबिंग के नीचे पिनअप कर दें. नीचे के अंतिम सैक्शन पर ऐक्सटैंशन केश लगा कर एक लंबी चोटी बना लें. इस पर आर्टिफिशियल फूलों अथवा मनचाही हेयर ऐक्सैसरीज से सजावट कर दें.
