बॉलीवुड में फिल्म रिलीज के लिए सितारे खास तारीख ढूंढते हैं.

सलमान ईद, ऋतिक और अजय दिवाली के मौके पर तो आमिर हर साल क्रिसमस और नए साल के आसपास अपनी फिल्म की रिलीज रखने की कोशिश करते हैं. मकसद एक ही है, त्योहार के मौके को बॉक्स ऑफिस पर कैश कराना.

इस साल भी यही होना है, पर इस बार सुपरस्टार शाहरुख खान खासे परेशान दिख रहे हैं. अपनी दो फिल्मों ‘दिलवाले’ और ‘फैन’ के ज्यादा न चल पाने से वह पहले ही थोड़े परेशान हैं. अब नई फिल्म ‘रईस’ की रिलीज के लिए उन्हें कोई तारीख नहीं मिल रही है. जो हैं, वो पहले ही बुक हो चुकी हैं.

साल 2015 में घोषित इस फिल्म को इस साल ईद के मौके पर सलमान की फिल्म ‘सुल्तान’ के साथ रिलीज होना था. शायद बॉक्स ऑफिस पर दोनों खानों की यह पहली टक्कर होती. मगर फिल्म पूरी न होने का हवाला देकर ‘रईस’ के निर्माता रिलीज की तारीख टाल गए.

सलमान खान ने कहा था कि "हमारी फिल्में साथ रिलीज करना किसी भी निर्माता के लिए फायदे का सौदा नहीं होगा क्योंकि इससे कमाई बँट जाएगी."

शाहरुख ‘सुल्तान’ से टकराव तो बचा ले गए, पर अब ऐसे फँसे कि इस साल तो क्या, उनकी फिल्म अगले साल भी शायद ही थिएटर का मुँह देख पाए.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...