हर्षवर्द्धन कपूर की पहली फिल्म 'मिर्जिया' अभी रिलीज भी नहीं हुई है कि उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा है. गौर करने वाली बात ये है, कि ये उनका अपना फैसला है. इसके पीछे एक खास वजह है. हर्षवर्धन ने फैसला किया है कि वो अब घर से दूर किसी दोस्त के साथ लिव-इन में रहेंगे.
अब आप सोच रहे होगे की फिर तो पापा अनिल कपूर को बेटे पर बहुत गुस्सा आया होगा? जी नही! बल्कि अनिल कपूर हर्षवर्धन के इस फैसले से खुश हो गये. चौंक गये ना आप?
दरअसल, घर छोड़ना हर्षवर्द्धन की अगली फिल्म के लिए तैयारियों का हिस्सा है. जिस तरह 'मिर्जिया' के लिए हर्ष ने कई महीनों तक घुड़सवारी और तलवारबाजी की प्रैक्टिस की, उसी तरह 'भावेश जोशी' के लिए वो किराए के घर में रहकर रोल की तैयारी कर रहे हैं.
हर्षवर्द्धन अपने पापा का बंगला छोड़कर अब जुहू में अलग अपार्टमेंट में रहने जाएंगे. उनके फ्लैट मेट होंगे को-एक्टर प्रियांशु पैन्यूली, जो 'भावेश जोशी' में हर्षवर्द्धन के दोस्त बने हैं. फिल्म में हर्षवर्द्धन मध्यम वर्ग के एक सोशल विजिलांटे का रोल निभा रहे हैं.
इस किरदार में खुद को ढालने के लिए हर्षवर्द्धन ने ऐशो-आराम की ज़िंदगी को अलविदा कहा है. अभिनय के प्रति हर्ष की इस लगन को देखकर पिता अनिल कपूर बेहद खुश हैं.
