बौलीवुड में ‘‘मी टू’’ मूवमेंट के चलते हड़कंप मचा हुआ है. अजीब सी आपाधापी है. जिन पर आरोप लग रहे हैं, उनसे हर कोई दूरी बनाने का दिखावा कर रहा है. जब फिल्म ‘मुगल’ के निर्देशक सुभाष कपूर पर आरोप लगे, तो आमिर खान ने इस फिल्म को करने से इंकार कर दिया. फिर फिल्म के निर्माता और टी सीरीज के मालिक भूषण कुमार ने सुभाष कपूर की छुट्टी कर दी. पर दूसरे ही दिन भूषण कुमार पर भी ‘मी टू’ के तहत आरोप लग गए. फिर भी आमिर खान पुनः फिल्म ‘मुगल’ कर रहे हैं. इसे क्या कहा जाए. इसी तरह फिल्म ‘सुपर 30’ के निर्देशक विकास बहल पर आरोप लगे. पर सूत्र बता रहे हैं कि विकास बहल इस फिल्म के एडिटिंग के काम में लगे हुए हैं.
ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि बौलीवुड मे ‘‘मी टू’’ महज प्रचार का हिस्सा बनकर रह गया है?वास्तव में फिल्म इंडस्ट्री में शोहरत के साथ आर्थिक पक्ष बहुत प्रभावित करते हैं. जब धन का मसला हो तो हर कोई अपना अपना फायदा देखता है. इस संबंध में बात करते हुए हमसे कई अभिनेत्रियां कबूल कर चुकी हैं कि फिल्म को हाथ से जाने के मसले पर कई कलाकार खुद से समझौता करने को तैयार रहते हैं.
