हर महिला खूबसूरत केशों की चाह रखती है और उसे संवारने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ती. लेकिन उस की रातों की नींद तब गायब हो जाती है जब कोशिश के बावजूद उस की हेयरफौल की समस्या बढ़ती चली जाती है. अपने झड़ते बालों को देख उस का दिन का चैन और रातों की नींद गायब हो जाती है.
वह सोचती है कि इतने महंगे शैंपू लगाने के बाद परिणाम कुछ नहीं निकल रहा. लेकिन वह यह भूल जाती है कि बालों में सिर्फ शैंपू लगाने से काम नहीं चलता बल्कि उन की अच्छी तरह देखभाल करना भी जरूरी होता है. साथ ही यह जानना भी जरूरी होता है कि हेयरफौल के पीछे असली कारण क्या हैं.
हेयर फौल के कारण और ऐसे लगाएं इस पर लगाम
- बारबार शैंपू बदलने की आदत

टीवी पर विज्ञापन और बाजार में शैंपू की ढेरों वैराइटी देखने के बाद किस का मन नहीं ललचाएगा. भले ही आप बाजार से कोई भी शैंपू खरीद लेती हैं, लेकिन फिर भी कुछ नया ट्राई करने की इच्छा आप को दूसरा शैंपू खरीदने पर मजबूर कर ही देती है. जो हेयर फौल का सब से बड़ा कारण बनती है.
कैसे करें कंट्रोल
हेयर फौल रोकने के लिए सबसे पहले अपनी शैंपू बदलने की आदत को छोड़ें. ऐसे शैंपू का चयन करें, जो आप के बालों को कोमल और सिल्की बनाने के साथ हेयरफौल की समस्या को भी रोके.
