रेटिंगः ढाई स्टार
निर्माताः दिनेश वीजन व ज्योति देशपांडे
निर्देशकः होमी अडजानिया
कलाकारः इरफान खान,राधिका मदान,दीपक डोबरियाल.
अवधिः दो घंटे 25 मिनट
लगभग दो वर्ष के बाद इरफान खान (Irrfan Khan) फिल्म‘‘अंग्रेजी मीडियम’’ (Angrezi Medium) से वापसी कर रहे हैं. दर्शकों को भी उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार था. कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का इलाज कराने के बाद इरफान ने जबसे इस फिल्म की शूटिंग शुरू की थी, तभी से उनके प्रशंसक इस फिल्म की राह देख रहे थे. फिल्मकार होमी अडजानिया की यह फिल्म पिता पुत्री के रिश्तों के साथ ही भारत व लंदन की सभ्यता व संस्कृति पर भी कटाक्ष करती है.
कहानीः
फिल्म की कहानी उदयपुर में रहने वाले चंपक बंसल (इरफान खान) और उनकी बेटी तारिका(राधिका मदान)तथा चंपक के चचेरे भाई गोपी(दीपक डोबरियाल)के इर्दगिर्द घूमती है. चंपक बचपन से ही कन्फ्यूज्ड रहे हैं. पर पत्नी के चयन में उन्हे कोई कन्फ्यूजन नहीं हुआ था. शादी के समय जब उनकी पत्नी ने आगे पढ़ाई जारी रखने की बात कही,तो चंपक ने यह कह कर उसका मुंह बंद करा दिया कि वह उसे ‘गृहशोभा’ पत्रिका लाकर देंगे,जिसे वह पढ़ सकेगी. बेटी तारिका को जन्म देने के बाद चंपक की पत्नी का देहांत हो गया. अब चंपक की जिंदगी अपनी बेटी तारिका और घसीटाराम मिठाईवाले के पोते के रूप में मिठाई की दुकान चलाते हुए गुजर रही है.
