मूलतया गोवा की रहने वाली इलियाना डिकू्रज ने अपने अभिनय कैरियर की शुरुआत दक्षिण भारत की फिल्मों से की. वहां 18 फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा दिखाने के बाद अनुराग बसु की फिल्म ‘बर्फी’ से हिंदी फिल्मों में कदम रखा. उस के बाद ‘फटा पोस्टर निकला हीरो’ और ‘मैं तेरा हीरो’ जैसी हास्य फिल्मों में नजर आईं. अब वे सैफ अली खान के साथ फिल्म ‘हैप्पी एंडिंग’ में नजर आ रही हैं, जिस में उन्होंने अनरोमांटिक किरदार निभाया है.
पेश हैं, इलियाना से हुई गुफ्तगू के कुछ अहम अंश:
आप का कैरियर किस दिशा में जा रहा है?
मेरा कैरियर सही दिशा में जा रहा है. मुझे अच्छी कहानियों वाली फिल्में मिल रही हैं. पहली हिंदी फिल्म ‘बर्फी’ में काम करने के बाद 2 कमर्शियल फिल्में कीं. फिर ‘हैप्पी एंडिंग’ की, जो अलग तरह की फिल्म है.
आप के लिए सफलताअसफलता क्या माने रखती है?
दोनों बहुत जरूरी हैं. यदि आप निरंतर सफलता की ओर अग्रसर रहते हैं, तो काम में विविधता नहीं आती. मेरी पहली फिल्म ‘बर्फी’ हिट रही. इस फिल्म को कई अवार्ड भी मिले. मेरी दूसरी फिल्म ‘फटा पोस्टर निकला हीरो’ कम चली. जब कैरियर में इस तरह का उतारचढ़ाव आता है, तो हमें काम करने में ज्यादा आनंद मिलता है, क्योंकि हम कुछ नया करने की कोशिश करते हैं. ‘हैप्पी एंडिंग’ दर्शकों को जरूर पसंद आएगी.
