Science Experiments: बच्चों को नई चीजें सीखने का सबसे मजेदार तरीका साइंस एक्सपेरिमेंट्स हो सकता हैं। घर पर किए जाने वाले छोटे-छोटे साइंस एक्सपेरिमेंट बच्चों की सोचने और समझने की क्षमता को बढ़ाते हैं। जैसे सिरका और बेकिंग सोडा से ज्वालामुखी बनाना, पानी और तेल को मिलाकर उनके अलग होने का प्रयोग देखना या चुंबक से अलग-अलग चीजों को पहचानना। ऐसे आसान प्रयोग बच्चों के लिए सीखने को रोचक और मजेदार बना देते हैं।
आजकल बाजार में कई तरह की साइंस किट भी उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से बच्चे सुरक्षित तरीके से नए प्रयोग कर सकते हैं। इन किट्स में जरूरी सामान और आसान निर्देश दिए होते हैं, जिससे बच्चे खेल-खेल में विज्ञान को समझ पाते हैं। यह गतिविधियाँ बच्चों की रचनात्मकता बढ़ाने के साथ उनकी छुट्टियों को भी यादगार बना देती हैं।
घर पर किए जाने वाले साइंस एक्सपेरिमेंट
साइंस एक्सपेरिमेंट्स की खास बात यह है कि बच्चे इन्हें खेल-खेल में सीखते हैं। उदाहरण के लिए सिरका और बेकिंग सोडा से ज्वालामुखी बनाना, पानी और तेल को मिलाकर उनके अलग-अलग गुण समझना या गुब्बारे से स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी का प्रयोग करना बच्चों को बेहद रोमांचित करता है। ऐसे प्रयोग विज्ञान को आसान और रोचक बना देते हैं।
1. बेकिंग सोडा और सिरके का ज्वालामुखी
सामग्री: एक कांच का गिलास या प्लास्टिक की बोतल, बेकिंग सोडा, सिरका, और थोड़ा सा लाल फूड कलर ।
• कैसे करें: गिलास में 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा डालें और उसमें थोड़ा सा फूड कलर मिला दें। अब ऊपर से जैसे ही आप सिरका डालेंगे, वैसे ही तेजी से झाग उबलकर बाहर आएगा, जो बिल्कुल एक एक्टिव ज्वालामुखी जैसा दिखेगा।
• विज्ञान: सिरका और बेकिंग सोडा मिलकर कार्बन डाइऑक्साइड गैस बनाते हैं, जिससे यह झागदार विस्फोट होता है
2. तेल और पानी की दुश्मनी
सामग्री: एक पारदर्शी गिलास, पानी, सरसों या कुकिंग ऑयल, और लिक्विड फूड कलर।
• कैसे करें: गिलास को आधा पानी से भरें। अब उसमें 3-4 चम्मच तेल डालें। आप देखेंगे कि तेल पानी में मिलने के बजाय उसके ऊपर एक अलग परत बना लेता है। इसके बाद पानी के रंग का फूड कलर डालें, तो रंग की बूंदें तेल को पार करके पानी में जा मिलेंगी।
• विज्ञान: तेल का घनत्व पानी से कम होता है, इसलिए वह हल्का होने के कारण पानी के ऊपर तैरता है। दोनों के मॉलिक्यूल्स आपस में बॉन्ड नहीं बना पाते।
3. गुब्बारे और कंघी का जादू
• सामग्री: एक गुब्बारा या प्लास्टिक की कंघी और कागज के छोटे-छोटे टुकड़े।
• कैसे करें: गुब्बारे को फुलाकर उसे अपने सूखे बालों या किसी ऊनी कपड़े पर 10-15 सेकंड तक तेजी से रगड़ें। अब इस गुब्बारे को कागज के टुकड़ों के पास ले जाएं; कागज के टुकड़े जादू की तरह गुब्बारे से चिपक जाएंगे।
• विज्ञान: रगड़ने से गुब्बारे पर एक इलेक्ट्रिक चार्ज जमा हो जाता है, जो कागज के न्यूट्रल चार्ज को अपनी तरफ आकर्षित करता है।
