late pregnancy : हाल के वर्षों में कई बौलीवुड और टीवी सैलिब्रिटीज ने 35 से 40 वर्ष या उस से अधिक की उम्र में मां बनने का निर्णय लिया. इन में करीना कपूर (40 वर्ष), गौहर खान (39 वर्ष), फराह खान (43 वर्ष), करिश्मा तमन्ना (42 वर्ष), कैटरीना कैफ आदि कई हैं. इतना ही नहीं अभिनेत्री ऐश्वर्या राय, शिल्पा शेट्टी, और रानी मुखर्जी जैसी अभिनेत्रियां भी 35 से 40 की उम्र के बाद मां बनी हैं. ऐसा इन सिलेब्स ने अपने कैरियर और निजी कारणों से किया है और आज वे अपने बच्चे के साथ खुश हैं.
असल में आज की बदलती जीवनशैली और उच्च शिक्षा ने अधिकतर स्त्रियों को पहले से अधिक आत्मनिर्भर बनाया है, जिस का आनंद आज की हर नारी ले रही है। ऐसे में शादी और बच्चे की प्राथमिकता पहले से अलग देखी जा रही है. शादी कर केवल परिवार और बच्चों की देखभाल को वे प्राथमिकता नहीं देतीं.
गुरगांव की फर्टिलिटी स्पैशलिस्ट, नोवा आईवीएफ फर्टिलिटी की डा. रश्मि अग्रवाल कहती हैं कि आज के अधिकतर कपल्स पहले अपना घर लेना, पैसे बचाना और घूमनाफिरना चाहते हैं, इस के बाद वे बच्चे की जिम्मेदारी लेना सही समझते हैं और यह ठीक भी है. इस के अलावा कई बार सही और भरोसेमंद पार्टनर मिलने में समय लगता है.
