नवाबों के शहर लखनऊ में एक खास इवेंट होने वाला है, जिसमें बौलीवुड की फेमस ऐक्ट्रैस कियारा आडवाणी (Kiara Advani) अपने सहकलाकार राम चरण और प्रतिष्ठित निर्देशक एस. शंकर के साथ अपनी आने वाली पेन इंडिया फिल्म "गेम चेंजर" का बहुप्रतीक्षित टीजर लौन्च करने जा रही हैं. यह इवेंट 9 नवंबर को होगा. इसी के साथ यह पहली पैन-इंडिया फिल्म बन गई है, जिसका टीजर लखनऊ में लौन्च होगा. आमतौर पर पैन-इंडिया फिल्मों के टीजर मुंबई और दिल्ली में लौन्च किए जाते हैं.
शानदार सफर
फिल्म इंडस्ट्री में कियारा का सफर बहुत ही शानदार रहा है.अपनी पेन इंडिया अपील के लिए जानी जाने वाली कियारा ने विभिन्न फिल्म इंडस्ट्रीज़ के बीच एक पुल का काम किया है, जिससे वह देशभर में एक प्रिय चेहरा बन गई हैं. उनके साथ इस इवेंट में शामिल हो रहे हैं राम चरण, जो न केवल भारत में बल्कि विश्व स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं.अपने दमदार अभिनय और करिश्माई स्क्रीन प्रजेंस के लिए प्रसिद्ध राम चरण ने अपने लिए एक खास जगह बनाई है. कियारा की पहली तेलुगु फिल्म महेश बाबू के साथ थी जो एक बड़ी हिट रही, और अब वह दूसरी बार राम चरण के साथ काम कर रही हैं, जिससे इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों में और भी उत्साह बढ़ गया है.
