Feeling Angry : क्रोध आना और क्रोधित होना कोई अजीब बात नहीं है. जब कभी माहौल अनुकूल नहीं होता है तब न चाह कर भी गुस्सा आ ही जाता है. जब भी हमें गुस्सा आ रहा होता है तब हम क्रोध के आवेश में अंधे हो कर कभीकभार ऐसे काम भी कर देते हैं कि बाद में बहुत पछतावा होता है. इसलिए जब कभी किसी भी वजह से क्रोध आ रहा हो तो एक पल के लिए रुकें और सोचें कि आप को किस बात पर गुस्सा आया है.
इस समय लंबी तथा गहरी सांस लें
गहरी सांस लेने से आप का शरीर शांत होता है और गुस्से की भावनाएं कम होती हैं. संगीत सुनना भी मददगार होता है.
किसी और बात की कल्पना करें
किसी आरामदायक अनुभव की कल्पना करें. जीवन में जब क्रोध न किया तब सब कितना सकारात्मक रहा. ऐसा सोच कर शायद आप के क्रोध का आवेग कम होने लगे.
दूसरे की बात को अधूरा नहीं बल्कि पूरा सुनें
जब बहुत ही क्रोध आने लगे तो दूसरे व्यक्ति की बात को ध्यान से सुनें और जवाब देने से पहले जरा सा धीरज रखें. जबान तलवार से भी धारदार है, यह कभी न भूलें. जब भी बहुत क्रोध आ रहा हो तो दिमाग से हर तरह के नकारात्मक तथा अनावश्यक विचारों को पास नहीं आने देना चाहिए. अगर बगावत जैसे विचार आप के गुस्से को और बढ़ा रहे हों तो अच्छा होगा कि किसी भरोसेमंद दोस्त से बात करें, अपनी परेशानी साझा करें और क्रोध की अग्नि को शांत होने दें.
