Beauty Products : खूबसूरत लगना हर किसी को पसंद आता है और आजकल बाजार में तरह – तरह के प्रोडक्ट मिलते है, जो आपकी खूबसूरती में चार चांद लगाने का वादा करती है, लेकिन कौन सी प्रोडक्ट आपको खरीदना है, या किसमें कौन सी इनग्रेडिएंट है, जो आपके स्किन को हेल्दी बनाए रखे ये समझना मुश्किल होता है, क्योंकि इसकी जानकारी बहुत कम लोगों को होती है, ऐसे में सही जानकारी व्यक्ति प्रिन्ट मीडिया से पढ़कर ले सकता है, जिसमें मैगजीन खास होती है. असल में ब्यूटी रूटीन में बहुत ज्यादा प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं होती. इसमें जरूरी होता है आप जो भी लगाए, उससे त्वचा का स्वस्थ रहें.
बेसिक प्रोडक्ट का करें अधिक प्रयोग
इस बारें में मुंबई के डॉ. शरीफा स्किन केयर क्लिनिक की डर्मेटोंलॉजिस्ट डॉ. शरीफा चौसे कहती हैं कि रोज़ाना इस्तेमाल के लिए कुछ बेसिक और सुरक्षित प्रोडक्ट्स शामिल किए जा सकते हैं, जैसे हल्का फेस वॉश, मॉइश्चराइज़र, सनस्क्रीन, लिप बाम, माइल्ड शैम्पू और बॉडी लोशन लगाना सही रहता है. इन सबमें सनस्क्रीन सबसे जरूरी प्रोडक्ट् है, क्योंकि यह त्वचा को सूरज की हानिकारक युवी किरणों से बचाता है. ये किरणें टैनिंग, झुर्रियां, पिगमेंटेशन और समय से पहले स्किन की एजिंग को बढ़ा सकती हैं. लंबे समय तक बिना सुरक्षा के धूप में रहने से स्किन कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है. इसलिए बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन लगाना बहुत जरूरी है.
आज ही सब्सक्राइब करें सरिता
आपके लिए स्पेशल छूट

इसके आगे डौक्टर कहती है कि हल्का फेस वॉश चेहरे से धूल, गंदगी और प्रदूषण हटाने में मदद करता है, जो त्वचा को बिना नुकसान पहुंचाए संभव हो सकता है. मौइश्चराइज़र त्वचा को नमी देता है और उसे सूखने से बचाता है. इससे त्वचा मुलायम रहती है और जलन या खुजली कम होती है. लिप बाम होंठों को फटने और सूखने से बचाता है.
सोशल मीडिया को न करें फॉलो
आजकल लोग सोशल मीडिया पर दिखने वाले हर नए ब्यूटी ट्रेंड को जल्दी फॉलो करने लगते हैं. कई लोग एक साथ बहुत सारे सीरम, क्रीम और केमिकल वाले प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने लगते हैं, लेकिन जरूरत से ज्यादा प्रोडक्ट्स लगाने से त्वचा को फायदा होने की बजाय नुकसान हो सकता है. इससे स्किन में जलन, रैशेज, पिंपल्स और एलर्जी हो सकती है. हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है. किसी की त्वचा ऑयली, तो किसी की ड्राई और किसी की सेंसिटिव. इसलिए हमेशा अपनी त्वचा और उम्र के हिसाब से ही प्रोडक्ट चुनना चाहिए. सरल और कम प्रोडक्ट्स वाली रूटीन, लंबे समय में ज्यादा सुरक्षित और फायदेमंद रहती है. किसी भी नए प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से पहले त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लेना अच्छा होता है.
जानें असुरक्षित ब्यूटी प्रोडक्टस
डौक्टर का आगे कहना है कि कुछ ब्यूटी और कौस्मेटिक प्रोडक्ट्स में ऐसे केमिकल्स हो सकते हैं, जो लंबे समय तक ज्यादा इस्तेमाल करने पर शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं, मसलन
- त्वचा में जलन पैदा करना,
- हार्मोन का संतुलन बिगाड़ना,
- लंबे समय में स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकते हैं, जिसमें हेयर डाई, फेयरनेस क्रीम, डिओडोरेंट, नेल प्रोडक्ट्स और स्किन को गोरा करने वाली क्रीम्स में कई बार तेज केमिकल्स पाए जाते हैं. इनका लगातार और बिना सावधानी के इस्तेमाल शरीर पर धीरे-धीरे असर डाल सकता है.
कुछ केमिकल्स को लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर कैंसर के खतरे से भी जोड़ा गया है, जिसमें जो प्रोडक्ट्स सीधे स्कैल्प, होंठ, अंडरआर्म्स या आंखों के आसपास लगाए जाते हैं, उनमें ज्यादा सावधानी रखनी चाहिए क्योंकि शरीर के ये हिस्से केमिकल्स को जल्दी सोख लेते हैं.
खरीदे ब्रांडेड प्रोडक्टस
आजकल बाजार और ऑनलाइन कई नकली या बिना सही जांच वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स भी बिक रहे हैं. इनमें मरकरी, स्टेरॉयड्स या हैवी मेटेल्स जैसे हानिकारक पदार्थ हो सकते हैं, जो त्वचा और शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसलिए हमेशा ब्रांडेड कंपनी के प्रोडक्ट्स ही खरीदने चाहिए, भले ही कितने महंगे हो, क्योंकि ऐसे प्रोडक्ट के शोध अच्छी तरह किये जाते है. इसके अलावा इस्तेमाल से पहले उनके लेबल को ध्यान से पढ़ना चाहिए. अगर किसी प्रोडक्ट को लगाने के बाद जलन, खुजली, लालपन, रैशेज, त्वचा का काला पड़ना या सांस लेने में परेशानी हो, तो उसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर देना चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.
ब्यूटी या स्किनकेयर प्रोडक्ट को खरीदते समय दें ध्यान
लोगों को किसी भी कौस्मेटिक या स्किनकेयर प्रोडक्ट को खरीदने से पहले उसके इंग्रीडिएंट्स का लेबल ध्यान से पढ़ना चाहिए. कुछ केमिकल्स जैसे पैराबेन्स (Parabens), फॉर्मल्डिहाइड छोड़ने वाले प्रिज़र्वेटिव्स, फ्थैलेट्स, सल्फेट्स, अमोनिया, ट्राइक्लोसैन, मरकरी और आर्टिफिशियल फ्रेगरेंस आदि शामिल होने पर उसके साइड इफेक्ट देखने को मिलते है. आइए जानते है इन सब केमिकल्स के प्रयोग के पीछे कि साइंस क्या है,
पैराबेन्स
इसका इस्तेमाल क्रीम और मेकअप को जल्दी खराब होने से बचाने के लिए किया जाता है, लेकिन इनका ज्यादा इस्तेमाल शरीर के हार्मोन पर असर डाल सकता है.
फ्थैलेट्स
जो परफ्यूम और नेल प्रोडक्ट्स में पाए जाते हैं, वे भी हार्मोन से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकते हैं.
फॉर्मल्डिहाइड
कुछ हेयर और नेल ट्रीटमेंट्स में इस्तेमाल होने वाले फॉर्मल्डिहाइड वाले केमिकल्स आंखों, त्वचा और सांस की तकलीफ का कारण बन सकते हैं. मरकरी
मर्करी, गोरा करने की क्रीम्स में पाया जाता है, जो त्वचा, किडनी और दिमाग से जुड़ी नसों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है. आर्टिफिशियल खुशबू वाले केमिकल्स सामान्य लग सकते हैं, लेकिन कुछ लोगों में ये एलर्जी, सिरदर्द, अस्थमा या त्वचा में जलन पैदा कर सकते हैं. इसलिए इसका इस्तेमाल साधवानी से करना चाहिए. अधिक अल्कोहल वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स त्वचा को नुकसान करते हैं.
अमोनिया
ये ज्यादातर हेयर कलर और हेयर डाई में इस्तेमाल किया जाता है. यह बालों की परत को खोलता है, ताकि रंग बालों के अंदर तक जा सके, लेकिन बार-बार अमोनिया वाले प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने से बाल और स्कैल्प खराब हो सकते हैं. इससे खुजली, जलन, लालपन, बालों का सूखना और बाल टूटने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. बंद जगह में अमोनिया की तेज गंध आंखों, नाक और सांस लेने में भी परेशानी पैदा कर सकती है, जिन लोगों को अस्थमा या सेंसिटिव स्किन की समस्या है, उन्हें ज्यादा सावधानी रखनी चाहिए.
सल्फेट्स
शैम्पू में पाए जाने वाले सल्फेट्स बालों और स्कैल्प का प्राकृतिक तेल हटा देते हैं, जिससे बाल सूखे हो सकते हैं और स्कैल्प में जलन हो सकती है.
लेड
कुछ सस्ते लिपस्टिक और लिप प्रोडक्ट्स में लेड हो सकता है, जो लंबे समय में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है.
ट्राइक्लोसैन
जो कुछ एंटीबैक्टीरियल प्रोडक्ट्स में इस्तेमाल होता है, शरीर के हार्मोन पर असर डाल सकता है.
हमेशा दें ध्यान
इसके अलावा किसी प्रोडक्ट को खरीदने वक्त कुछ खास बातों का ध्यान देना है, जो निम्न है,
- बहुत ज्यादा तेज केमिकल्स और तेज खुशबू वाले प्रोडक्ट्स से बचना चाहिए. कोई भी नया प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से पहले उसे त्वचा के छोटे हिस्से पर लगाकर देखना चाहिए, ताकि प्रोडक्ट से एलर्जी या जलन न हो.
- प्रोडक्ट खरीदते समय उसकी बनाने की तारीख और एक्सपायरी डेट जरूर देख लें.
- मेकअप के सामानों में खासकर लिपस्टिक और आंखों का मेकअप, किसी और के साथ शेयर नहीं करना चाहिए क्योंकि इससे इंफेक्शन फैल सकता है.
- जल्दी गोरा होने या तुरंत रिजल्ट पाने के लिए फेयरनेस क्रीम, ब्लीच और ज्यादा स्क्रब का बार-बार इस्तेमाल कभी न करें, इससे त्वचा खराब हो सकती है.
इस प्रकार यह जान लें कि अच्छी और चमकदार त्वचा सिर्फ ब्यूटी प्रोडक्ट्स से नहीं मिलती. अच्छी नींद, सही खाना, ज्यादा पानी पीना, तनाव कम रखना और खुद को धूप से बचाव करते रहना बहुत जरूरी है. इसके अलावा अच्छी आदतें और सही लाइफस्टाइल त्वचा को स्वस्थ और सुंदर बनाए रखने में मदद करती है.
