Trendy hairstyle : आज की यूथ जेन जी और मिलेनियल्स के बीच बैंग्स हेयरकट बेहद लोकप्रिय होने के पीछे कई बड़े सामाजिक और मानसिक कारण यह है कि आजकल के यूथ चायनीज और कोरियन सीरियल्स से काफी प्रभावित हीते हैं, ऐसे में बैंग्स वाले हेयरस्टाइल उन्हें एक अलग लुक देती है, जो सौम्य चेहरे के साथसाथ यूथ और फ्रैश लुक देती है.
इतना ही नहीं, आज के यूथ जब ब्रेकअप, कैरियर, स्ट्रैस या जीवन में किसी बड़े बदलाव से गुजरते हैं, तो वे बैंग्स कटवाते हैं. इसे वे ‘इमोशनल रीसेट’ मानते हैं, जिस से उन्हें अपने लुक और लाइफ पर तुरंत कंट्रोल महसूस होता है. इस पीढ़ी को भारी मेकअप के बजाय मिनिमलिस्टिक या नैचुरल लुक अधिक पसंद है.
ऐक्सपर्ट की राय
हेयर एक्सपर्ट्स के अनुसार, चेहरे के आकार को सही फ्रेम देने के लिए अब बैंग्स हेयर कौन्टूरिंग का काम करते हैं. यह बिना हैवी मेकअप के आंखों और चिकबोंस को उभार सकता है. साथ ही यूथ अपने बालों की पूरी लंबाई को छोटा नहीं करना चाहते. बैंग्स उन्हें यह आजादी देते हैं कि वे पीछे के बालों को लंबा रखते हुए भी सामने से पूरी तरह एक नया वर्जन या नया अवतार पा सकें.
नौस्टेल्जिया 90 और 70 दशक का रीमिक्स के इस जमाने में कुछ लोगों को आजकल पुराना रैट्रो फैशन अधिक पसंद होता है. साल 1970 के दशक की फ्रेंच अभिनेत्री ‘ब्रिजिट बारडोट’ शैली के सौफ्ट कर्टन बैंग्स को आज की यूथ एक मौडर्न और कूल गर्ल ट्विस्ट के साथ बेहद पसंद कर रही है. बौलीवुड में बैंग्स हेयरस्टाइल के लिए सब से मशहूर अभिनेत्री साधना थीं. उन के इस खास हेयरस्टाइल को ‘साधना कट’ के नाम से जाना जाता था, जो साल 1960 के दशक में भारत में बहुत लोकप्रिय हुई थी.
आज की हीरोइनों में अनन्या पांडे, कैटरीना कैफ, श्रद्धा कपूर, कियारा आडवाणी आदि सभी ने कई मौकों पर बैंग्स हेयरस्टाइल अपना कर एक फ्रैश और यूथ लुक दिया है.
असल में आजकल के कर्टन और विस्पी बैंग्स इतने सौफ्ट होते हैं कि अगर यूथ इन से बोर हो जाएं, तो इन्हें आसानी से पीछे पिन किया जा सकता है या बिना किसी अजीब शेप के आसानी से ग्रो कर केशों में जोड़ा जा सकता है.
बैंग्स के फायदे
-बैंग्स चेहरे पर इंस्टेंट ट्रांसफौर्मेशन कर देती है, जिस में बिना बालों की लंबाई कम किए, यह आप के लुक को नया और ट्रेंडी बना सकती है.
-चेहरे को फ्रेम करने में भी यह सहायक है, मसलन ये माथे की चौड़ाई को ढकती है और चेहरे को सौफ्ट और बैलेंसिंग कर कोमल और संतुलित आकार देते हैं, जिस से चिकबोंस और आंखें उभर कर आती हैं.
-यूथ लुक जिसे हर लड़की चाहती है, इस में बैंग्स काफी कारगर सिद्ध होते हैं क्योंकि ये आप को यंग और फ्रेश लुक दे सकते हैं.
-बैंग्स हर तरह के राउंड, ओवल और हार्ट शैप चेहरे पर सूट करता है, जिस में स्ट्रैट, वैवी और कर्ली केशों के लिए अलगअलग तरह की बैंग्स उपलब्ध हैं जैसे कर्टन बैंग्स, साइड स्वेप्ट वगैरह.
-इस के अलावा ये मिडल ऐज्ड स्त्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होती हैं, जिस में ये माथे की झुर्रियों या अनचाहे निशानों को छिपाने में भी काफी अच्छा काम करती हैं.
चेहरे के अनुसार बैंग्स
राउंड फेस : साइड स्वेप्ट या चौपी बैंग्स, चेहरे पर हार्ड एंगल्स बनाते हैं, जो बहुत अच्छे लगते हैं. तिरछे कटे हुए बैंग्स चेहरे की गोलाई को कम कर के एक इल्यूजन पैदा करते हैं, जिस से चेहरा पतला और लंबा दिखता है.
ओवल फेस : ओवल फेस पर लगभग सभी तरह के बैंग्स अच्छी लगती हैं. कर्टन बैंग्स आजकल सब से लोकप्रिय हैं, क्योंकि ये अधिकतर चेहरे पर फबती हैं और इन्हें स्टाइल करना आसान होता है. ओवल चेहरे बैंग्स के लिए सब से परफैक्ट माना जाता है. सीधे माथे पर आने वाले भारी बैंग्स आंखों को बहुत खूबसूरत तरीके से हाइलाइट करते हैं.
चौकोर चेहरा : स्ट्रौंग जोलाइन और माथे की चौड़ाई के तीखे कोनों को सौफ्ट बनाने के लिए लौंग कर्टन बैंग्स या विस्पी बैंग्स को अधितर पसंद किया जाता है. बीच से 2 भागों में बंटे हुए ये बैंग्स गालों से होते हुए नीचे आते हैं, जिस से चेहरे के शौर्प कौर्नर सौफ्ट दिखने लगते हैं.
हार्ट शेप फेस : चौड़े माथे को छोटा दिखाना और पतली चिन को संतुलित करने के लिए साइड स्वेप्ट बैंग्स या फेदर कर्टन बैंग्स अच्छे होते हैं. साइड में बहने वाले बैंग्स माथे की चौड़ाई से ध्यान हटा कर आंखों और चेहरे के निचले हिस्से पर ध्यान केंद्रित करते हैं, जिस से चेहरे की खूबसूरती बढ़ती है. हार्ट शेप फेस वालों को बहुत छोटे या माइक्रो बैंग्स से बचना चाहिए, ताकि माथे को बड़ा न दिखाएं.
लौंग फेस शेप : चेहरे की लंबाई को कम दिखाने और चौड़ाई में इल्यूजन पैदा करने के लिए, घने ब्लंट बैंग्स काफी सुंदर दिखते हैं, जो भौंहों को छूते हों. यह स्टाइल माथे के एक बड़े हिस्से को ढंक देता है, जिस से चेहरा तुरंत छोटा और अधिक संतुलित दिखने लगता है. इस में बहुत छोटे या साइड स्वेप्ट बैंग्स से बचना चाहिए, जो चेहरे को अधिक लंबा दिखाते हैं.
इस के अलावा पतले बालों को घना दिखाने के लिए आगे की तरफ से बैंग्स या चौपी लेयर्स अच्छी लगती हैं, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि बैंग्स को नियमित ट्रिमिंग की आवश्यकता होती है, ताकि वे आंखों में न आएं और उन का आकार बना रहें.
इस प्रकार बैंग्स आज हर लड़की की लाइफस्टाइल में शामिल हो चुका है, क्योंकि यह जितना आसान दिखता है, उतना ही इस का मैनटेनैंस भी आसान होता है और हर उम्र की स्त्री इसे कम समय में अपने हेयरस्टाइल में शामिल कर नया लुक पा सकती है और पार्टी की शान बन सकती है.
