जब भी हम कोई इलेक्ट्रौनिक आइटम्स लेने मार्केट जाते हैं, तो उस पर लिखी हुई रेटिंग का क्या मतलब होता है और कौन सा प्रोडक्ट हमारे लिए सही रहेगा इस के बारे में बहुतों को कोई जानकारी नहीं होती. आज हम रेटिंग क्या होती है? यह रेटिंग कौन देता है? कैसे दी जाती है? इस का क्या फायदा होता है? इस के बारे में जानेंगे।
स्टार रेटिंग सिस्टम क्या होता है
स्टार रेटिंग (Star Rating) इलेक्ट्रौनिक उपकरणों (जैसे एसी, फ्रिज, टीवी) की ऊर्जा दक्षता (Energy Efficiency) को दर्शाने वाला एक पैमाना है, जो बताता है कि कोई उपकरण कितनी बिजली की खपत करता है। यह ब्यूरो औफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) द्वारा दी जाती है, जहां 1-स्टार का मतलब अधिक बिजली की खपत और 5-स्टार का मतलब सब से कम बिजली में बेहतरीन प्रदर्शन (सर्वोच्च दक्षता) है।
बीईई लैबल (BEE LABEL) किसे कहते हैं
आप ने देखा होगा कि जब आप कोई इलेक्ट्रौनिक आइटम खरीदने जाते हैं, तो उस पर रेटिंग बनी होती है और उसी के हिसाब से उस चीज के पैसे कम या ज्यादा होते हैं. दुकानदार भी कई बार आप से पूछता है कि आप को कितने रेटिंग का एसी चाहिए। लेकिन जानकारी के आभाव के कारण हम उस पौइंट को मिस कर देते हैं.
दरअसल, इन आइटम्स पर एक से ले कर 5 तक के स्टार बने होते हैं। इन्हें बीईई (BEE) लैबल कहा जाता है।
स्टार रेटिंग कौन देता है
दरअसल, बीईई लैबल का मतलब ब्यूरो औफ एनर्जी एफिशिएंसी है । यह भारत सरकार की एक संस्था है जो बिजली बचाने के लिए काम करती है। फ्रिज, एसी, पंखे और गीजर जैसे सामान पर एक छोटा सा स्टिकर लगा होता है। इस पर स्टार बने होते हैं। ये स्टार्स बताते हैं कि सामान कितनी बिजली खाता है। बीईई सर्टिफिकेट एक ‘ट्रस्ट मार्क’ है जो आप को धोखे से बचाता है और आप के घर के बजट को बिगड़ने नहीं देता।
बीईई भरोसेमंद सरकारी संकेत है
बीईई हर डिवाइस की ऊर्जा खपत, परफौर्मेंस और एफिशिएंसी जैसे मानकों पर टेस्टिंग करवाता है। उसी आधार पर उसे 1 से 5 स्टार तक की रेटिंग देता है। यह रेटिंग पूरी तरह से सरकारी प्रक्रिया के तहत तय होती है, यानी यह किसी ब्रैंड की मरजी से नहीं दी जाती, बल्कि विज्ञान और डेटा पर आधारित होती है। इसलिए जब भी किसी इलेक्ट्रौनिक प्रोडक्ट पर स्टार रेटिंग देखें तो यह समझें कि यह एक भरोसेमंद सरकारी संकेत है कि वह डिवाइस बिजली की कितनी बचत करेगा।
किस स्टार का क्या मतलब है
1 स्टार रेटिंग : यह रेटिंग दर्शाती है कि फ्रिज ऊर्जा कुशल नहीं है और यह अधिक बिजली खपत करता है।
2 स्टार रेटिंग : यह रेटिंग वाले फ्रिज 3 स्टार या 4 स्टार रेटिंग वाले फ्रिज की तुलना में 20-30% अधिक बिजली खपत कर सकते हैं।
3 स्टार रेटिंग : यह रेटिंग दर्शाती है कि फ्रिज ऊर्जा कुशल है और यह कम बिजली खपत करता है।
3 स्टार रेटिंग वाले फ्रिज 2 स्टार रेटिंग वाले फ्रिज की तुलना में 20-30% कम बिजली खपत करते हैं।
5 स्टार रेटिंग : यह सब से कम बिजली खपत करता है। हालांकि इसे खरीदने की शुरुआती कीमत ज्यादा होती है, लेकिन यह 2-3 साल में बिजली के बिल में हुई बचत से अपनी कीमत वसूल कर लेता है।
लैबल पीरियड (Label Period) क्या है
लैबल पीरियड स्टार रेटिंग स्टिकर पर दी गई सब से महत्त्वपूर्ण जानकारियों में से एक है। इस का सीधा संबंध उस समय सीमा से है जिस के दौरान वह रेटिंग मान्य होती है। सरल शब्दों में कहें तो, यह वह तारीख या साल है जब ब्यूरो औफ एनर्जी एफिशिएंसी ने उस उपकरण के लिए बिजली बचत के मानक तय किए थे।
यानी कि हो सकता है जो फ्रीज आप आज 5 स्टार रेटिंग का खरीद रहे हैं वह 2 साल बाद 3 स्टार रेटिंग एक रह जाएं। इसलिए हमेशा कोशिश करें कि आप वह माडल खरीदें जिस का लैबल पीरियड वर्तमान वर्ष का हो। दुकानदार अकसर पुराना स्टौक निकालने के लिए भारी डिस्काउंट देते हैं।
अगर आप 2 साल पुराना लैबल पीरियड वाला 5 स्टार एसी लेते हैं तो असल में वह आज के 3 या 4 स्टार के बराबर बिजली खाएगा।
लैबल पीरियड कैसे देखें
जब आप किसी इलेक्ट्रौनिक आइटम (जैसे एसी या फ्रिज) का स्टिकर देखते हैं, तो सितारों के ठीक नीचे एक बौक्स होता है जिस में लिखा होता है : Validity Period: 1st Jan 2024 to 31st Dec 2026.
ध्यान रखने योग्य बातें
-5 स्टार फ्रिज/एसी महंगे होते हैं, लेकिन लौंग टर्म में बिजली बिल में बचत होती है.
-3 स्टार एसी साल में लगभग 1100 यूनिट बिजली खर्च कर सकता है.
-5 स्टार AC वही काम सिर्फ लगभग 850 यूनिट में कर देगा.
-स्टार रेटिंग हर साल बदल सकती है, इसलिए खरीदते समय लेटैस्ट मैन्युफैक्चरिंग ईयर देखना जरूरी है.
(नोएडा में एलजी शोरूम के रिप्रेजेंटेटिव शानू गुप्ता से की गई बातचीत पर आधारित)
