fish spa : फिश स्पा एक तरह का ब्यूटी और रिलैक्सेशन ट्रीटमैंट है. दरअसल, यह एक पेडिक्योर ट्रीटमैंट है जिसे लोग पैरों में रिलैक्स करने के लिए करते हैं. इस में 'गारा रूफा' (Garra rufa) नामक छोटी मछलियों का इस्तेमाल किया जाता है. इन्हें 'डाक्टर फिश' भी कहा जाता है.

आकार में बेहद छोटी यह मछलियां आप के पैरों में धीरेधीरे काटती हैं, जिस से आप को हलकी गुदगुदी का एहसास होता है. पैरों में काटने के दौरान यह मछलियां आप को पैरों में मौजूद बैक्टीरिया और डेड स्किन को निकाल कर अलग कर देती हैं. इस से न सिर्फ पैर सुंदर होते हैं, बल्कि आप को काफी आराम भी मिलता है.

पिछले कुछ सालों में इस का प्रचलन काफी बढ़ा है और कई बड़े शहरों में सर्टिफाइड सेंटर्स के अलावा कई इम्यूजमैंट पार्क, ओपन मौल और ऐसे स्थान पर जहां पर्यटक व लोग काफी घूमने आते हैं, पर भी ऐसे छोटे स्पा सेंटर मिल जाते हैं जहां लोग यह सुविधा ले सकते हैं.

कई लोगों के लिए यह एक अच्छा अनुभव हो सकता है लेकिन चिकित्सकों की मानें तो यदि यह प्रक्रिया सही और सुरक्षित तरह से न हो तो कई समस्याओं का कारण बन सकती है.

इस को करना वैसे भी सही नहीं है क्योंकि पहली बात तो यह कि फिश इस काम के लिए नहीं होती हैं. दूसरी बात यह कि आप के पैरों में वे अपना खाना ढूंढ़ रही होती हैं. तीसरा जो काम आप खुद ही घर पर छावे से पैर साफ कर के कर सकते हो उस के लिए इतने पैसे क्यों देने और साथ ही इतना रिस्क लेना ही क्यों? चौथा थाइलैंड जैसे शहरों में इसे दुकानों के आगे किया जाता है ताकि देखने में यह तमाशे जैसा लगे और लोग रुकरुक कर इसे देखें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...