Female-Lead Movies : एक समय था जब फिल्मों में हीरोइनों को शोपीस के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था. 2-3 रोमांटिक सीन, 1-2 गाने, 2-3 इंटिमेट सीन के अलावा फिल्म में हीरोइनों के करने के लिए कुछ नहीं था.
इस के पीछे एक वजह यह भी थी कि पहले महिला प्रधान फिल्में देखने वाले दर्शक ज्यादातर पुरुष होते थे. इसलिए पुरुष प्रधान फिल्म इंडस्ट्री में हीरोइन के लिए खास अहमियत नहीं थी. लेकिन जैसेजैसे समय बदला समाज शिक्षित हुआ, महिलाओं ने हीरोइन ओरिएंटेड फिल्में देखने में दिलचस्पी दिखाई. वैसेवैसे मेकर्स भी महिला प्रधान फिल्म बनाने में दिलचस्पी लेने लगे.
पिछले कुछ सालों में एक समय ऐसा भी समय आया, जब माधुरी दीक्षित, दीपिका पादुकोण, कंगना रनौत जैसी कई हीरोइनों ने हीरो से ज्यादा पारिश्रमिक प्राप्त किया. आज आलम यह है कि 2026 महिला प्रधान फिल्मों के लिए स्वर्ण वर्ष साबित हो रहा है क्योंकि इस साल महिला प्रधान फिल्मों में ब्लौकबस्टर फिल्मों से ले कर साइंस फिक्शन ‘महाकाव्य’ तक कई तरह की फिल्मों का आगमन होने जा रहा है.
2026 की शुरुआत से ही आलिया भट्ट और शर्वरी वाघ की फिल्म ‘अल्फा’ और हुमा कुरैशी की ‘बेबी डू डाई डू’, ने एक अलग ही समां बांध दिया है. वहीं प्रियंका चोपड़ा जहां हौलीवुड में ‘द ब्लफ’ नामक फिल्म से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बवाल मचा चुकी हैं, वहीं अब प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर राजामौली की फिल्म ‘बनारस’ में महेश बाबू के साथ हिंदी और साउथ फिल्म के जरीए धमाकेदार वापसी करने जा रही हैं.
हालांकि आज भी पुरुष प्रधान फिल्म इंडस्ट्री में हीरोइन को अपनी जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है. जहां एक समय में हीरोइन की शादी होते ही वह मां,भाभी और बहन का रोल निभाने के लिए मजबूर हो जाती थीं, पुरुष प्रधान फिल्मों में हीरोइनों को सिर्फ शोपीस की तरह इस्तेमाल किया जाता था, वहीं आज आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण, कियारा आडवाणी जैसी कई हीरोइनें मां बनने के बाद भी न सिर्फ ग्लैमरस रोल कर रही हैं, बल्कि अपनी फिल्मों में खतरनाक ऐक्शन शौट भी दे रही हैं.
हाल ही में दीपिका पादुकोण ने दूसरी बार गर्भवती होने के बावजूद डिलिवरी से 2 महीने पहले फिल्म की शूटिंग शैड्यूल पूरा किया, बल्कि ऐसी अवस्था में ऐक्शन शौट भी दिए.
ऐसे में, यह कहना गलत नहीं होगा कि आज की हीरोइन पूरी तरह प्रोफैशनल है और पर्सनल लाइफ के साथसाथ प्रोफैशनल लाइफ को भी पूरी प्राथमिकता देती हैं.
जब से फिल्म इंडस्ट्री का निर्माण हुआ है, पुरुष प्रधान इंडस्ट्री होने की वजह से हीरोइन कितनी भी मेहनत करें, चाहे फिर वह हीरोइन प्रधान फिल्म भी क्यों न हो बावजूद इस के हीरो का पारिश्रमिक हीरोइन से हमेशा ज्यादा रहा है. लेकिन अब ऐसा नहीं है. आज कई फिल्मों में हीरोइनों ने हीरो से ज्यादा पारिश्रमिक लिया है. जैसे दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट रानी मुखर्जी, माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी आदि कई बड़ी हीरोइनों ने कुछ खास फिल्मों के लिए अपनी मेहनत के मुताबिक हीरो से ज्यादा पारिश्रमिक लिया है.
फिल्म उद्योग भले ही हीरोइन प्रधान फिल्मों की महत्ता को नजरअंदाज करता हो, लेकिन एक सच यह भी है कि जब से फिल्म निर्माण शुरू हुआ है तब से फिल्म ‘मदर इंडिया’ से ले कर ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ और ‘अल्फा’ तक हीरोइन प्रधान फिल्मों ने बौक्स औफिस पर सफलता हासिल की हैं, जिस के चलते आज के समय में निर्माता हीरोइन प्रधान फिल्में बिग बजट में बनाने से भी हिचक नहीं रहे हैं.
चाहे वह क्राइम थ्रिलर हो, बायोग्राफिकल ड्रामा या सुपर नैचुरल ऐंटरटेनमैंट से भरी फिल्म ही क्यों न हो, आज की हीरोइन कौमेडी से ले कर खतरनाक ऐक्शन तक हर तरह के किरदार निभा कर फिल्म इंडस्ट्री के बड़े स्टूडियो मेन स्ट्रीम थिएट्रिकल रिलीज के लिए भी तैयार है, जिस के बाद अब निर्माता और बड़े प्रोडक्शन हाउस बौलीवुड ऐक्ट्रैस पर बड़ा दांव लगाने को तैयार है.
2026 में भी कई ऐसी फिल्में रिलीज हो रही हैं जो न सिर्फ महिला प्रधान फिल्में हैं, बल्कि ये फिल्में एक नया इतिहास भी रचने के लिए तैयार हैं.
2026 में आने वाली महिला प्रधान फिल्मों पर एक नजर
अभिनय की कोई उम्र नहीं होती, जिस के चलते जहां शबाना आजमी 75 वर्ष की उम्र में राजकुमार संतोषी निर्देशित और सनी देओल अभिनीत फिल्म ‘बंटवारा’ में खास भूमिका में न
सिर्फ नजर आईं बल्कि ‘बंटवारा’ फिल्म की कहानी भी 75 वर्षीय शबाना आजमी पर केंद्रित थी.
इसी फिल्म ‘बंटवारा’ में कई सालों बाद अभिनेत्री प्रीति जिंटा भी सनी देओल के साथ मुख्य भूमिका में नजर आईं. इस के अलावा नवोदित हीरोइन अनीता पांडा, जिन्होंने अपनी पिछली रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’ में दमदार अभिनय कर के बौक्स औफिस पर धमाल मचा दिया था, अब एक ऐसी फिल्म कर रही हैं जिस में उन की दोहरी भूमिका है.
अनीता पांडा बंगाली लोककथाओं पर आधारित फिल्म ‘शक्ति और शालिनी’ में दोहरी भूमिका निभा रही हैं, जिस में शक्ति एक साधारण गांव की महिला और रक्षक है, वहीं शालिनी प्रतिशोधी वृक्ष निवासी आत्मा की भूमिका में है.
तब्बू की दृश्यम 3
‘दृश्यम 2’ फिल्म में सशक्त भूमिका निभाने वाली तब्बू अब ‘दृश्यम 3’ में पूर्व आईजी औफिसर के रूप में अपने परिवार के लिए अंतिम न्याय की तलाश में नजर आने वाली हैं.
बौलीवुड की मोस्ट टेलैंटेड हीरोइन श्रद्धा कपूर फिल्म ‘ईथा’ में एक ऐसी नृतकी के रूप में नजर आएंगी, जो गर्भावस्था की अवस्था में स्टेज पर डांस परफौर्म करती नजर आएंगी. फिल्म ‘ईथा’ की यह कहानी सच्ची घटना पर आधारित है. इस फिल्म में श्रद्धा कपूर तमाशा बिन और लावणी की लोक कलाकार विथा बाई नारायण गांवकर का किरदार निभाती नजर आएंगी, जिन की नृत्य कला में शुरुआत साधारण तरीके से हुई थी लेकिन बाद में उन को वैश्विक ख्याति प्राप्त हुई थी.
इस के अलावा श्रद्धा कपूर ‘स्त्री 3’ हौरर कौमेडी ‘स्त्री’ और ‘स्त्री 2’ की अपार सफलता के बाद जल्द ही ‘स्त्री 3’ में भी दर्शकों को डराने और हंसाने आ रही हैं.
करीना कपूर जो अब काफी सिलेक्टिव फिल्में करती नजर आती हैं, वहीं अब फिल्म ‘दायरा’ में एक निर्भीक पुलिस औफिसर के रूप में नजर आने वाली हैं, जो ध्रुवीकृत सामाजिक दरारों और नैतिक विकल्पों की जांचपड़ताल करती है.
साउथ की ऐक्ट्रैस साईं पल्लवी जो हिंदी फिल्मों में भी प्रवेश कर चुकी हैं, अब फिल्म ‘रामायण’ में सीता की भूमिका में नजर आने वाली हैं जोकि इस साल की सब से महंगी फिल्म (लगभग ₹4,000 करोड़) के बजट में बन रही है, जिस का प्रदर्शन 2 भागों में होगा.
फिल्म ‘रामायण’ में साईं पल्लवी सीता के रोल में नजर आएंगी, जिस के लिए वे बहुत मेहनत कर रही हैं.
इस के अलावा तमन्ना भाटिया फिल्म ‘वूवन फोर्स औफ द फौरेस्ट’ में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जिस की कहानी एक वर्जित जंगल में छिपी प्राचीन शक्ति के ईदगीत घूमती है.
आज की चर्चित हीरोइन
कियारा आडवाणी फिल्म टौक्सिक में साउथ के सुपरस्टार यश के साथ कियारा नादिया के दमदार किरदार में नजर आएंगी. कियारा का किरदार इस फिल्म में जटिल, बहुआयामी और अपरंपरागत रूप में प्रस्तुत किया गया है . कियारा और यश की फिल्म ‘टौक्सिक’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है.
इस से यही निष्कर्ष निकलता है कि आज हीरोइन किसी भी मामले में हीरो से कम नहीं है और उस की वजह है हीरोइन प्रधान फिल्मों को बढ़ावा देने वाली महिला प्रधान औडियंस.
