stress relief tips : कुछ लोगों का कहना है वीकेंड पर समझ ही नहीं आता क्या करें? वे पूरा दिन आराम करते हैं. इससे उन्हें लगता है पूरे हफ्ते की थकान उतर जाएगी या फिर वे कहीं घूमने चले जाते हैं जैसे कि मॉल में शॉपिंग करने. इसके चलते वे पूरा दिन भटकते रहते हैं और रात को थक कर चूर जब घर लौटते हैं तो थकान और बढ़ जाती है. इसी तरह कुछ लोग वीकेंड पर टीवी देखते रहते हैं और मोबाइल की स्क्रीन पर लगे-लगे पूरा वीकेंड बिता देते हैं और मंडे को उन्हें लगता है पूरा वीकेंड आराम किया फिर भी थकान क्यों लग रही है?
दरअसल, अक्सर लोग समझते हैं कि “आराम” का मतलब केवल बिस्तर पर लेटे रहना या स्क्रीन देखते रहना है, जबकि वास्तव में दिमागी थकान को दूर करने का सबसे बेहतर तरीका शारीरिक सक्रियता ही है.
इसके लिए सबसे अच्छा है वीकेंड में खुद को और थकाएं. पहले ऑफिस में आपने अपने दिमाग को थकाया अब अपने शरीर को थकाओ. यही रिलैक्स है. बॉडी के काम करें, अलमारी ठीक करें, घर की साफ-सफाई करें, जिनमें ऑफिस का दिमाग ना लगें, बाहर कहीं घूमने जाते हैं, तो भी तो बॉडी काम ही कर रही होती है. मॉल जाओगे, कहीं घूमने जाओगे तो भीड़भाड़ वाली जगह पर जाकर भी थक जाओगे. सारे दिन घूम रहे हो चल रहे हो, तब भी तो बॉडी थक रही है. ऐसे ही बॉडी को थकाकर रिलैक्स करना है, तो घर के 4 काम ही निपटा लो. इससे मन खुश होगा कि चलो कुछ तो प्रोडक्टिव काम किया इससे पूरी थकान भी उतर जाएगी. आइए जाने इसके लिए क्या करें-
घर के पेंडिंग काम निपटाएं आइए जाने कैसे-
1 अपनी अलमारी और कमरे को व्यवस्थित करें
पूरा हफ्ता ऑफिस जाने के चक्कर में अलमारी में रखा हुआ सामान इधर-उधर बिखर जाता है जैसे कि आपके मेकअप का सामान बकेट में से निकल जाता है.
वही एक कपड़ा निकालने के चक्कर में दूसरे कपड़े की तह खुल जाती है. उन्हें सही से लगाएं.
जो कपड़े आप पहन नहीं रहे हैं और फिर भी अलमारी में जगह घेर रहे हैं उन्हें अलमारी से निकाल कर उसमें अन्य नए लिए कपड़ों के लिए जगह बनाएं.
ऑफिस में जाने के लिए अभी से हर दिन के हिसाब से कपड़े सोचकर अलग-अलग हैंगर में दिन के हिसाब से टांग दें जैसे कि मंडे में क्या पहनना है और फ्राइडे में क्या यह व्यवस्थित कर लें.
अगर मौसम बदल गया है तो जिन कपड़ों की अब जरूरत नहीं है उन्हें अलग से पैक करके ऊपर कहीं लगा दें ताकि बेवजह उनके हाथ में आने पर अलमारी ना बिगड़े.
शर्ट, कोट या साड़ियों को हैंगर में टांगें. टी-शर्ट, लोअर और डेली वियर को करीने से रोल या फोल्ड करके शेल्फ में लगाएं.
2 अपना कमरा साफ करें-
बेड शीट चेंज करें. पूरे हफ्ते जल्दबाजी में बेड शीट चेंज करने का टाइम नहीं मिलता होगा इसलिए इस काम को वीकेंड के लिए रखें.
चार्जर, एक्सटेंशन कॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक सामान के तारों को केबल-टाई या रबर बैंड से बांधकर एक जगह रखें.
साइड टेबल या स्टडी टेबल पर जमा बेवजह के सामान (जैसे खाली कप, पुराने बिल, दवाइयां) को हटाएं.
फर्श पर फैली चीजें (चप्पल, जूते, बैग) सही जगह रखें.
कमरे की डस्टिंग करें.
3 डीप क्लीनिंग या गार्डनिंग-
घर के छोटे-मोटे काम करना, जाले साफ करना या बालकनी के पौधों की छंटाई और पानी देना. मिट्टी और पौधों के बीच वक्त बिताने से तनाव तेजी से कम होता है. माली को भी आज ही बुला लें और अपने सामने जो भी काम करवाना लें.
4 कुकिंग भी करें
हफ्ते भर की भागदौड़ के बाद अपनी पसंद का कुछ नया खाना बनाना या बेकिंग करना भी एक बेहतरीन ‘स्ट्रेस बस्टर’ की तरह काम करता है.
आप चाहे तो हफ्ते भर की सब्जियां खरीद लाएं और उन्हें काटकर फ्रीज में रख लें इससे खाना बनाने में आसानी होगी.
आप चाहें तो टमाटर को पीसकर उसकी ग्रेवी बनाकर फ्रीज में स्टोर कर लें या उसकी आइस क्यूब बना लें और जब भी दाल आदि बनाएं तो एक क्यूब दाल में, राजमा में डाल दें इससे रोज आपका काफी समय बचेगा.
5 खुद को ‘डिजिटल डिटॉक्स’ दें
हफ्ते भर ऑफिस के लैपटॉप और मोबाइल की स्क्रीन देखकर आंखें और दिमाग थक जाते हैं. वीकेंड पर स्क्रीन टाइम (सोशल मीडिया, वेब सीरीज़) कम से कम रखें.
फोन को कुछ घंटों के लिए दूर रखकर सिर्फ शारीरिक गतिविधियों या अपनों के साथ बातचीत में समय बिताएं.
6 हल्की शारीरिक गतिविधि और वॉक करें
अगर मॉल की भीड़भाड़ और शोर-शराबे में नहीं जाना चाहते, तो सुबह या शाम को किसी शांत पार्क या प्राकृतिक जगह पर 30-45 मिनट की वॉक के लिए निकल जाएं.
योग, स्ट्रेचिंग या कोई खेल (जैसे बैडमिंटन, स्विमिंग) खेलने से शरीर में ‘एंडोर्फिन’ (फील-गुड हॉर्मोन) रिलीज़ होते हैं, जिससे गहरी और अच्छी नींद आती है.
7 फैमिली के साथ बोर्ड गेम खेलें
आजकल कई तरह के बोर्ड गेम मार्केट में आ गए हैं जिसमें बच्चे बड़े सब एक साथ भी खेल सकते हैं. सभी लोग साथ बैठकर गेम खेलें और टाइम स्पेंड करें.
सभी लोग एक साथ बैठकर पूरे हफ्ते क्या किया इस बारे में बात करें और आगे क्या प्लान है इस पर भी बात कर सकते हैं. इस तरह बिना काम के गपशप करना मानसिक थकान को मिटा देगा.
दिमाग को आराम देने के लिए शरीर को काम पर लगाएं.” हफ्ते भर की दिमागी थकान को मिटाने के लिए कोई भारी-भरकम प्लान बनाने की ज़रूरत नहीं है—घर के पेंडिंग काम निपटाना, थोड़ा टहलना और अपनों के साथ वक्त बिताना ही असली मायनों में रीचार्ज करता है.
