Natural diamond : हीरे का आकर्षण सिर्फ इस की चमक, कठोरता, घनत्व या रासायनिक संरचना तक ही सीमित नहीं है, बल्कि कथाओं और कहानियों के माध्यम से लोगों की भावनाओं में भी रचाबसा है.

किसी भी खास अवसर पर हीरे का गिफ्ट सब के मन को मोह लेती है, क्योंकि यह कीमती होने के साथसाथ भावनाओं की गहराई को भी बताती है.

असली हीरा यानि प्राकृतिक हीरा, सदा के लिए इसलिए अच्छा माना जाता है क्योंकि यह पृथ्वी के गर्भ में अरबों वर्षों के प्राकृतिक दबाव से बनता है. इतना ही नहीं यह अत्यधिक टिकाऊ होता है, पीढ़ियों तक अपनी चमक नहीं खोता और इसे प्रेम व अटूट वादे का प्रतीक माना जाता है.

हीरा सिर्फ एक रत्न नहीं, बल्कि भावनाओं, विरासत और परंपरा का भी प्रतीक माना जाता है. हालांकि प्राकृतिक हीरे दुर्लभ होते हैं, जो अरबों वर्षों में धरती की गहराइयों से आकार लेते हैं, जिसे निकालना और सही आकार देने में बहुत समय लगता है.

सदियों तक चलने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया से निर्मित हीरा प्रकृति के अनमोल रत्न हैं, जो बहुत ही दुर्लभ और बेशकीमती होते हैं. सही प्राकृतिक हीरा चुनने के लिए प्रमाणिकता, कट, रंग और विश्वसनीय विक्रेता का ध्यान रखना जरूरी है.

खास रिश्ते का परिचायक

आसल में हीरा अपनी चमक से कहीं अधिक लोगों से भावनात्मक रूप से जुड़ा होता है. यही वजह है कि किसी खास अवसर पर व्यक्ति अपने प्रेम का इजहार करने के लिए इसे उपहार स्वरूप प्रदान करता है. इतना ही नहीं इसे विरासत के तौर पर भी देखा जाता है, जिस में स्नेह, परंपरा और अपनों की यादें शामिल होती हैं. यह एक अनमोल उपहार है, खासकर प्रेमी या प्रेमिका अपने प्यार के इजहार के लिए हीरे की रिंग्स देना पसंद करते हैं क्योंकि यह सिर्फ सुंदरता ही नहीं बल्कि एक मजबूत संबंध का प्रतीक माना जाता है, जो रिश्तों की गहराई को भी दर्शाता है.

हीरा हमेशा से बहुत कीमती माना जाता रहा है, इसलिए लोग इन्हें तभी गिफ्ट करते हैं, जब कोई रिश्ता उन के लिए बेहद खास होता है.

खूबियों की धनी

मुंबई की फनसगांवकर बंधु ज्वैलर्स के गौतम फनसगांवकर कहते हैं कि नैचुरल डायमंड एक ऐसा हीरा है, जो प्राकृतिक खूबियों को समेटे होता है और जिस की चमक के सामने बाकी सब फीका पड़ जाता है. इसे एक नजर देखते ही मन मोहित हो उठता है. यह एक ऐसा रत्न है, जो प्रामाणिकता, दुर्लभता और प्रकृति की कला का सुंदरतम उदाहरण हैं, जो लोग नायाब और असली हीरे की तलाश में रहते हैं, उन के लिए धरती के सब से अनूठे उपहार के रूप में ‘प्राकृतिक हीरे’ ही सब से उपयुक्त रत्न हैं.

दुर्लभ रत्न

हालांकि प्राकृतिक हीरे दुर्लभ होते हैं और समय के साथ उन की उपलब्धता और भी कम होती जा रही है. साल 2005 से अब तक प्राकृतिक रूप से खनन किए जाने वाले हीरों में 30% की गिरावट आई है और हाल के दिनों में हीरों का कोई नया भंडार मिलना भी मुश्किल हो गया है. यह अब इतने दुर्लभ हो चुके हैं कि दुनियाभर में सालाना निकाले जाने वाले 5 कैरेट या उस से बड़े सभी प्राकृतिक हीरे एक ही बास्केटबाल में समा सकते हैं. इस के अलावा आजकल मार्केट में कई प्रकार के हीरे मिलने लगे हैं, जिस में लैब ग्रोन डायमंड की उपलब्धता अधिक हो चुकी है, ऐसे में असली हीरे की मांग कम हो गई है, लेकिन किसी खास अवसर पर रियल डायमंड को लोग अवश्य खरीदते हैं, मसलन शादी, बर्थडे या मैरिज ऐनिवर्सरी आदि अवसर पर असली हीरे की मांग अधिक है क्योंकि इस से जुड़ी भावनात्मक जुड़ाव और एलिगेंस अधिक होता है.

असली हीरा में 18 कैरेट सोना जड़ा जाता है, जिस से उस की कीमत मार्केट में अधिक हो जाती है. अगर किसी ने सोलिटेयर डायमंड खरीदा है, तो उस की रिसेल मूल्य अधिक होता है क्योंकि जब आप इसे बेचते या एक्सचेंज करते हैं, तो उस समय के डायमंड के कीमत के आधार पर आप को पैसे मिलते हैं. इतना ही नहीं, ये महंगा होने के साथसाथ सालों तक अपनी चमक और खूबसूरती बनाए रखते हैं.

नई जैनरेशन में है अधिक क्रेज

इस के आगे वे कहते हैं कि इसे खरीदने वाले अधिकतर जौब करने वाली लड़कियां होती हैं, जो पहली सैलरी से अधिकतर डायमंड रिंग या टौप्स खरीदती हैं, इस से उन का आत्मविश्वास बढ़ता है और समूह में वाहवाही भी मिलती है. सब से अधिक वैडिंग रिंग्स लोग खरीदते है. मैं सब से बैस्ट क्वालिटी की डायमंड ग्राहकों को देता हूं, ताकि उन को इस की खूबसूरती का पता चले.

वे कहते हैं कि सोलिटेयर डायमंड मैं हमेशा जीआईए (GIA) यानि (Gemological Institute of America) और IGI (International Gemological Institute) सर्टिफिकेट के साथ देता हूं क्योंकि यह पूरे वर्ल्ड में मान्यताप्राप्त है.

डायमंड के प्रोडक्ट अगर आप पहनना चाहते हैं, तो इयररिंग्स सब से अच्छा औप्शन होता है, जो अधिकतर ₹40 हजार तक आ जाता है. डायमंड के पीस छोटे होने पर दाम कम होता है.

रंगहीन डायमंड है लोकप्रिय

गौतम आगे कहते हैं कि रियल डायमंड प्राकृतिक रूप से लगभग हर रंग में आते हैं. ये रंगहीन यानि सफेद के अलावा पीले, भूरे, नीले, गुलाबी, हरे, काले, बैंगनी और लाल रंग तक के प्राकृतिक रंगों में पाए जाते है. दुर्लभ रंगों वाले हीरों को फैंसी कलर्ड डायमंड कहा जाता है. सब से अधिक लोकप्रिय रंगहीन या सफेद डायमंड होता है.

रियल डायमंड का दाम मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय मानक 4 कारकों के आधार पर तय होता है. यह 4 सब से महत्त्वपूर्ण कारक हैं, जो किसी भी हीरे की गुणवत्ता और उस की कीमत तय करते हैं, जैसे  कैरेट- वजन, कट-तराशने का तरीका, क्लैरिटी- शुद्धता, और कलर-रंग.

नैचुरल डायमंड खरीदने से पहले जानें कुछ जरूरी बातें :

-डायमंड में चमक, रंग, क्लियरिटी और कैरेट अहम होते हैं. इन को खरीदने से पहले वजन की तुलना में कट को प्राथमिकता देना चाहिए. अच्छी तरह से कट किए गए डायमंड ही चुनें, भले ही वे साइज में थोड़े छोटे क्यों न हों.

-गहनों में सभी हीरे एक ही रंग और क्लियरिटी के हों, इस की जांच करें, ताकि आप सही चीज खरीद सकें.

-डायमंड खरीदते समय उस की प्रमाणपत्र के बारे में जानकारी अवश्य लें, ताकि आप को सही और उच्च क्वालिटी की डायमंड मिले.

जीआईए और आईजीआई जैसे संस्थान हीरों को गहनों में जड़े जाने से पहले सिंगल डायमंड को प्रमाणित करते हैं, जिसे खरीदना सही होता है.

-हमेशा जानेमाने डीलर्स से ही खरीदारी करें, जहां वापसी और बायबैक पौलिसी हो.

असली हीरे की रखरखाव

-एक छोटे कटोरे में हलका गुनगुना पानी लें, गरम पानी का प्रयोग कभी न करें, इस में लिक्विड या बेबी शैंपू की कुछ बूंदें मिलाएं.

-डायमंड ज्वैलरी को इस पानी में 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें. इस से हीरे के पीछे और कोनों में जमी गंदगी और तेल ढीले हो जाते हैं.

-एक मुलायम ब्रिसल वाले टूथब्रश का इस्तेमाल करें, हीरे के कोनों और खांचे को बिलकुल हलके हाथों से रगड़ें.

-ज्वैलरी को साफ, सामान्य पानी से अच्छी तरह धो लें. अगर आप सिंक के पास धो रहे हैं, तो नाली को बंद करना न भूलें, ताकि ज्वैलरी नीचे न गिरे.

-पानी सुखाने के लिए हमेशा सौफ्ट कपड़े का इस्तेमाल करें. इस में माइक्रोफाइबर कपड़े या बिना रोएं वाले कपड़े से थपथपा कर सुखाना अच्छा होता है.

हीरा भले ही बेशकीमती हो, लेकिन इस की चमक हर किसी को दीवाना बनाती है. साथ ही यह केवल एक आभूषण नहीं, बल्कि स्टेटस, प्यार और निवेश का भी प्रतीक माना जाता है, जिसे नकारना संभव नहीं. यह कभी खराब नहीं होता, इसे आप सालोसाल पहन सकते हैं और भीड़ में अपनी एक अलग जगह बना सकते हैं.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...