makeup mistakes: हम सभी फ्रैश और खूबसूरत दिखना चाहते हैं, जिस में मेकअप की बड़ी भूमिका होती है, लेकिन कभीकभी सही मेकअप न कर पाने की वजह से मेसी लुक दिखने लगती है, जबकि सही मेकअप आप की खूबसूरती बढ़ा सकती है.

शादीविवाह हो या कोई अन्य फंक्शन आप बिना मेकअप के जाने से संकोच करती हैं, क्योंकि मेकअप करना न केवल आप को खूबसूरत और आकर्षक बनाता है, बल्कि इस के माध्‍यम से आप अपनी क्रिएटिविटी भी दिखा सकती हैं. मेकअप करने से आप की खूबसरती में चार चांद लग जाते हैं, लेकिन मेकअप में गलतियां करने की वजह से सब कुछ खराब भी हो सकता है.

असल में उम्र के साथसाथ आप की त्वचा में भी बदलाव आते हैं, इसलिए आप के मेकअप स्टाइल को भी समयसमय पर बदलते रहना चाहिए.

युवा लङकियां अकसर मेकअप करते समय कुछ ऐसी गलतियां कर बैठती हैं, जिस से उन का लुक प्राकृतिक दिखने के बजाय बिगड़ जाता है.

इस बारे में सैलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट ओजस राजानी कहती हैं कि सही मेकअप के लिए स्किनकेयर करना सब से जरूरी होता है, ताकि मेकअप अच्छा दिखें. साथ ही मेकअप के बारे में जानकारी किसी ऐक्सपर्ट, औनलाइन या मैग्जीन से जुटा लेनी चाहिए, ताकि आप इस के मिस्टैक से बच सकें।

कुछ सुझाव निम्न हैं :

स्किन के लिए सही मोइस्चराइजर का प्रयोग करना : सब से पहले चेहरा मोइस्चराइज और प्राइम न करने से मेकअप पैची या रुखा दिखता है. अगर आप की स्किन ड्राई है और आप ड्राई स्किन पर मेकअप करती हैं, तो इस से मेकअप स्किन को तेजी से सोख लेगी और आप की स्किन पर रिंकल्‍स बन सकते हैं.

ऐसे में जरूरी है कि आप अपनी स्किन को पहले अच्‍छी तरह से नरिश कर लें. हो सके तो रात के समय ही डीप नरिशिंग क्रीम का इस्‍तेमाल करें, ताकि आप का मेकअप सही हो.

गलत फाउंडेशन शेड चुनना और उस का सही प्रयोग न करना : अपनी स्किनटोन से बहुत ज्यादा फेयर या डार्क शेड चुनना, जिस से चेहरा और गरदन अलग दिखते हैं. इस के अलावा कई बार ज्यादा सुंदर दिखने के चक्कर में कुछ लड़कियां चेहरे पर ज्यादा फाउंडेशन लगा लेती हैं.

जरूरत से ज्‍यादा फाउंडेशन का इस्‍तेमाल आप की एजिंग को बढ़ा सकता है. अगर आप अपने चेहरे पर बहुत अधिक फाउंडेशन अप्‍लाई करती हैं, तो इस से स्किन बहुत सफेद नजर आने लगती है और कुछ ही देर में चेहरे पर फाइनलाइंस बनने लगती हैं.

फाउंडेशन को अच्‍छी तरह से ब्‍लेंड करना भी बहुत जरूरी है, इसलिए फाउंडेशन कभी भी अधिक न लगाएं.

लाइटिंग का ध्यान न रखना : बहुत पीली, वार्म या फ्लोरोसेंट लाइट में मेकअप करने से फाउंडेशन का रंग सही नहीं दिखता, जिस से चेहरा अजीब या ओवर मेकअप लगता है. सिर के ऊपर या एक तरफ की लाइट से भी चेहरे पर गहरे शैडो बनते हैं, जिस से आंखों के नीचे या गालों पर असमान मेकअप हो जाता है. ब्लश या लिपस्टिक का असली रंग कम रोशनी में समझ में नहीं आता और बाहर जाने पर वह बहुत ज्यादा डार्क या भड़कीला लग सकता है.

इसलिए मेकअप के समय नैचुरल डिलाइट मेकअप के लिए सब से बेहतरीन मानी जाती है. खिड़की के पास बैठ कर मेकअप करना भी सही होता है. इस के अलावा लाइट हमेशा चेहरे के बिलकुल सामने आंखों के लेवल पर होना चाहिए.

कंसीलर का ओवरडोज : डार्क सर्कल्स छिपाने के लिए बहुत ज्यादा हैवी कंसीलर लगाना, जिस से आंखों के नीचे झुर्रियां दिखने लगती हैं. फाउंडेशन सेट हो जाने के बाद खामियों को छिपाने में ज्यादा समझदारी होती है, जिस का मतलब है कि कंसीलर से पहले फाउंडेशन का यूज करना बेहतर है.

एक ही जगह पर बहुत ज्यादा कंसीलर न लगाएं. डार्क सर्कल्स पर ज्यादा कंसीलर लगाने से आप अधिक उम्र की दिख सकती हैं. इन्हें कवर करने का सही तरीका है कि अपनी आंखों के नीचे की हड्डी पर कंसीलर की कुछ बूंदें लगाएं और इसे ब्लेंड करें. इस के लिए आप लेयरिंग टेक्नीक भी यूज कर सकती हैं, जिस में एक के बाद एक सही क्रम में मेकअप प्रोडक्ट्स की पतली और सधी हुई परतें लगाना होता है. एक प्रोडक्ट के ऊपर दूसरा उत्पाद थोपना नहीं होता, बल्कि उत्पादों को त्वचा में अच्छी तरह से ब्लेंड करना होता है, ताकि मेकअप नैचुरल दिखें और लंबे समय तक टिका रहे.

आईब्रो को बहुत डार्क करना : चेहरे और आंखों को खूबसूरत दिखाने में आईब्रोज की अहम भूमिका होती है. अच्छी शेप वाली आईब्रोज आंखों की खूबसूरती में चार चांद लगा सकती हैं। आईब्रोज को नैचुरल लुक देने के लिए आईब्रो पेंसिल अच्छी है, लेकिन एंगल्ड ब्रश के साथ लगाया गया हो, तो उस से करना आसान होता है। सही आईब्रोज के लिए पहले किसी ऐक्सपर्ट की सलाह लेना उचित होता है, जो आप के चेहरे के अनुसार उस की शेप बता दें.

आईब्रो पेंसिल से उन्हें बहुत ज्यादा काला या मोटा बना देना सही नहीं होता, जिस से चेहरा कठोर दिखने लगता है.

आंखों पर हद से ज्यादा शिमर और ग्लिटर लगाना : शिमरी आईशैडो वैसे तो अट्रैक्टिव लगते हैं, लेकिन जब आप इन्हें पूरी पलकों पर यूज करती हैं, तो ये बेहद शाइनी और भड़कीले दिख सकते हैं. शिमरी आईशैडो का यूज सिर्फ आंखों के अंदरूनी हिस्से पर करें और बाकी हिस्सों के लिए मैट शैडो का यूज करें. न्यूड आईशैडो या अपनी स्किनटोन से डार्क शेड के आईशैडो सब से सही होते हैं.

लिप लाइनर या लिपस्टिक का गलत इस्तेमाल : लिपस्टिक के रंग से बिलकुल अलग डार्क लिप लाइनर लगाना, जो आउटडेटेड लुक देता है. लिपस्टिक के सभी शेड्स सभी के स्किन पर सूट नहीं करते. लिपस्टिक के कुछ शेड्स ऐसे होते हैं, जो आप की स्किन पर सूट नहीं करते और इन्‍हें अप्‍लाई करने से आप अधिक मैच्‍योर नजर आ सकती हैं.

एक बार जब अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने कान फैस्टिवल में फाल्गुनी और शेन के कपड़े पहन बैंगनी लिपस्टिक लगाई, तो काफी ट्रोल हुईं क्योंकि यह लुक उन पर अच्छा नहीं लग रहा था. इसलिए अगर आप यलो, रैड और परपल शेड्स की लिपस्टिक लगा रही हैं, जिस में ब्‍लू या परपल टिंट नहीं है, तो ये शेड्स आप को ओल्‍ड दिखा सकते हैं. इसलिए लिपिस्टिक के शेड्स का खास खयाल रखना आवश्यक होता है.

कैटरीना कैफ या आलिया भट्ट जब लाल रंग की लिपस्टिक लगाती हैं, तो उन का मेकअप काफी हलका होता है.

आई मेकअप सही तरीके से करना : मेकअप करते वक्त लिपस्टिक की तरह ही आई मेकअप भी आप को अधिक उम्र की दिखा सकती हैं. ऐसे में गलत आई शेड्स के चुनाव से बचें.

कई बार स्‍मोकी आई मेकअप भी एजिंग इफैक्ट को बढ़ा देता है. अगर आप आंखों के आसपास गहरे और स्‍ट्रौंग रंगों वाले आई शैडो का इस्‍तेमाल कर रही हैं, तो हो सकता है कि यह आप को अधिक उम्रदराज दिखाएं. नैचुरल शेड्स को ही आई मेकअप में इस्‍तेमाल करना सही होता है, जो अधिकतर आउटफिट के अनुसार होना चाहिए.

ज्यादा ब्लश या ब्राउंजर लगाना : गालों पर बहुत ज्यादा प्रोडक्ट थोप लेना, जिस से लुक नैचुरल नहीं लगता. सही तरीके से ब्लश न लगाने पर आप का चेहरा अजीब दिख सकता है. ब्लश लगाते वक्त फाउंडेशन का इस्तेमाल करें, वरना यह आप के गालों पर काफी सख्त हो सकता है.

ब्रश में हलका सा ब्लश लें, ऐक्स्ट्रा प्रोडक्ट को टैप कर के हटाएं और फिर अपने चेहरे पर लगाएं, वरना आप बहुत ज्यादा ब्लश लगा लेंगी और आप का चेहरा खूबसूरत दिखने के बजाय खराब दिखने लगेगा.

ब्राउंजर का इस्तेमाल चेहरे के उन हिस्सों पर किया जाता है, जहां पर सूरज की किरणें नैचुरली पड़ती हैं, जैसे गालों का फ्लैट हिस्सा, माथे, नाक के ब्रिज और टिप पर ध्यान रखें कि आप ब्राउंजर को केवल अपने चिकबोंस, माथे के ऊपर और जोलाइन पर ही लगाएं. ब्राउंजर का असली मकसद आप के मेकअप को हलका सा डार्क करना होता है, इसलिए इसे आप के नैचुरल स्किनटोन से 1 या 2 शेड्स डार्क होना चाहिए.

ब्राउंजर लगाने से पहले इसे अपनी कलाई पर लगा कर चैक कर लें कि यह केकी और फेक न लगें.

मेकअप सेट न करना : मेकअप को ठीक से सेट न करना वाकई एक बड़ी गलती है क्योंकि इस से किया हुआ मेकअप कुछ ही घंटों में पैची, चिपचिपा या फीका पड़ जाता है. सेटिंग पाउडर या स्प्रे का इस्तेमाल न करने से मेकअप जल्दी बह जाता है या औयली दिखने लगता है. इस के लिए चेहरे के औयली हिस्सों पर हलका लूज पाउडर लगाएं और सेटिंग स्प्रे से उसे लौक करें. स्प्रे को सीधे चेहरे पर छिड़कने के बजाय ब्लेंडर पर स्प्रे कर के डैब कर सकते हैं.

इस प्रकार सही तरीके से मेकअप करना न सिर्फ त्वचा को सुरक्षित रखने और लंबे समय तक मेकअप को टिकाए रखने के लिए आवश्यक है, जबकि मिस्टैक आप की खूबसूरती को बिगाड़ सकती है. इसलिए जब भी मेकअप करें मिस्टैक से बचें और भीड़ में बन जाएं खूबसूरत मलिका.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...