आंखों की सुंदरता के लिए जरूरी यह है कि उस के आसपास की स्किन भी सुंदर हो. इससे आंखों की सुंदरता बढ़ जाती है. आंखों में होने वाली कुछ बीमारियों से उनके आसपास की स्किन खराब हो जाती है. इसलिए जरूरत इस बात की है कि इन बीमारियों से बचाव कर के आंखों को सुंदर बनाया जाए. ये बीमारियां किसी भी उम्र में हो सकती हैं. इनमें आदमी, औरतें और बच्चे सभी शामिल हैं. इन बीमारियों में पलकों में होने वाली रूसी, पलकों पर गांठ बनना, आंख आना, आंखों का रूखापन, डार्क सर्कल्स, भवों और पलकों के बीच चकत्तेनुमा हलके उभार प्रमुख हैं. आइए जानते हैं इन बिमारियों के बारे में...
1. डार्क सर्कल्स से पाएं छुटकारा
आंखों के आसपास की स्किन को खराब करने वाली सब से बड़ी बीमारी को डार्क सर्कल्स कहा जाता है. इस बीमारी में आंखों के चारों तरफ काले घेरे बन जाते हैं. यह कालापन नींद की कमी, मानसिक तनाव, शारीरिक थकान, भोजन में विटामिंस और दूसरे तत्त्वों की कमी से होता है. इसे दूर करने के लिए भरपूर नींद लें. तनाव कम करें. भोजन में फलों व हरी सब्जियों का प्रयोग खूब करें. खूब पानी पीएं. खीरे को काट कर आंखों के ऊपर रखने से डार्क सर्कल्स हटाने में मदद मिलती है.
