रितु की 10 दिन बाद शादी थी. वह भी हर दुलहन की तरह अपनी शादी में सब से खूबसूरत दिखना चाहती थी, इसलिए उस ने स्किन ट्रीटमैंट के साथसाथ हेयर ट्रीटमैंट भी करवाया. रितु के बाल घुंघराले थे, इसलिए कुछ और नया ट्राई करने के लिए उस ने बालों में रिबौंडिंग करवाई. रिबौंडिंग के बाद रितु के बाल स्ट्रेट हो गए. सब ने रितु के इस नए लुक की बहुत तारीफ की. 10 दिन बाद रितु की शादी हो गई. मगर शादी को 1 माह भी नहीं बीता था कि उस के बाल झड़ने शुरू हो गए. नौबत यहां तक आ गई कि वह गंजी दिखने लगी. ब्यूटीपार्लर से ले कर डर्मेटोलौजिस्ट तक को रितु ने अपनी परेशानी बताई, लेकिन उस के झड़ते बालों की परेशानी को दूर करने में सभी नाकामयाब रहे. सभी ने एक ही बात कही कि गलत रिबौंडिंग की वजह से बाल झड़ रहे हैं. परेशान रितु के पास अब विग लगाने के अलावा कोई चारा नहीं बचा. अब रितु का पति उसे कहीं ले जाने से कतराने लगा. ससुराल में सभी उस का मजाक उड़ाने लगे. परेशान रितु सभी को रिबौंडिंग न कराने की सलाह देने लगी. लेकिन यह बात ठीक नहीं है. जरूरत है यह समझने की कि जो ट्रीटमैंट आप अपने बालों पर करवाने जा रही हैं उस के बारे में आप को पूरी जानकारी हो.
