हनीमून में पति जहां अपनी पत्नी पर भरपूर प्यार उड़ेल देना चाहता है, वहीं पत्नी चाहती है कि उस का साथी उस के रूप पर मुग्ध हो जाए. वह केवल सजना के लिए ही सजना चाहती है, लेकिन उस के पास मेकअप करने के लिए समय बहुत कम होता है और शादी में खूब सजनेधजने के बाद बिना मेकअप उस के सौंदर्य की चमक फीकी लगती है. हनीमून पर मेकअप के लिए ज्यादा सामान भी ले जाना संभव नहीं होता.
पेश हैं, कुछ खास टिप्स जिन्हें अपना कर वह आसानी से कम समय में आकर्षक लग सकती है:
चांद सा रोशन चेहरा
मेकअप से पहले बीबी, सीसी या फिर डीडी क्रीम लगाएं. इन की विशेषता यह है कि कई प्रकार की क्रीम्स का काम ये अकेले ही करती हैं. इन को लगाने के बाद प्राइमर, कंसीलर, फाउंडेशन या सनस्क्रीन लगाने की आवश्यकता नहीं होती.
बीबी क्रीम को ब्लैमिश बाम या ब्यूटी बाम भी कहा जाता है. यह स्किन को पूरी तरह कवर कर लेती है और चेहरा दमकने लगता है. चेहरा थोड़ी अनइवन रंगत लिए है तो सीसी क्रीम का प्रयोग करना चाहिए. यह त्वचा के साथ आसानी से घुलमिल जाती है और रंगत निखर उठती है. यही कारण है कि इसे कलर कंट्रोल क्रीम भी कहा जाता है.
