Monsoon makeup tips: गरमी हो या बारिश का मौसम, हम मेकअप करना नहीं भूलते. लेकिन यह मेकअप मुसीबत तब बन जाता है जब बारिश में यह बहने लगता है और चेहरा बहुत भद्दा दिखने लगता है. इसलिए बारिश में मेकअप न फैले, इस के लिए जानें कुछ जरूरी बातें :
क्रीम बेस वाले मेकअप का इस्तेमाल न करें
बारिश के मौसम में ज्यादा ह्यूमिडिटी के कारण क्रीम बेस वाले प्रोडक्ट्स बहुत चिपचिपे हो जाते हैं. इसलिए बारिश के मौसम में इन को कम से कम यूज करें. अगर इस्तेमाल करना भी पड़े तो ध्यान रखें कि इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल अच्छी तरह ब्लैंड कर के ही करें. कोशिश करें कि क्रीम बेस वाले मेकअप प्रोडक्ट्स को पाउडर वाली चीजों के साथ मिला लें. इस से मेकअप ज्यादा देर तक टिका रहेगा.
हाइजीन का भी रखें ध्यान
मौनसून के मौसम में ज्यादा हैवी मेकअप करने से बचें. इस के साथसाथ अपनी स्किन का भी खास खयाल रखें. अपने हाथों को हमेशा धोते रहें. फेस को भी क्लींजर से साफ करें. ह्यूमिडिटी के कारण पसीना ज्यादा हो सकता है, जिस के चलते त्वचा में संक्रमण की समस्या भी हो सकती है. इस के अलावा, चेहरे पर ज्यादा फाउंडेशन का इस्तेमाल न करें.
इस तरह की और वीडियो देखने के लिए गृहशोभा के चैनल को सब्सक्राइब करें
ब्लश कैसा लगाएं
बहुत ज्यादा ब्लश लगाने से चेहरा ओवर लुक देने लगता है. बारिश में गालों पर लिक्विड ब्लश जल्दी फैल जाता है. हलका और नैचुरल ब्लश ही लगाएं. इस से आप का चेहरा फ्रैश और सौफ्ट दिखेगा.
सही मेकअप प्रोडक्ट्स का चयन करें
केवल वाटरप्रूफ प्रोडक्ट्स का ही चुनाव करें. इस के लिए आप मैट कौंपैक्ट और वाटरप्रूफ लाइनर का इस्तेमाल कर सकती हैं. मौनसून में भारी मोइस्चराइजर, औयली फाउंडेशन और क्रीम बेस्ड कलर्स के इस्तेमाल से बचें. साथ ही, काजल तो भूल कर भी न लगाएं.
आइस लगाएं फेस पर
बारिश में मेकअप करने से 10 मिनट पहले चेहरे पर बर्फ लगाएं इस से मेकअप फैलेगा नहीं और ज्यादा देर तक टिका भी रहेगा.
प्राइमर लगाएं
यदि आप मेकअप से पहले स्किन पर प्राइमर का इस्तेमाल करेंगी तो इस से आप के चेहरे पर मेकअप अच्छी तरह टिकेगा और सेट होगा. यदि आप के पास प्राइमर नहीं है तो आप एलोवेरा जैल भी प्राइमर के रूप में इस्तेमाल कर सकती हैं. इस से भी आप का चेहरा सही से सेट होता है.
इस के आलावा आप चाहें तो एक स्मूद बेस बनाने और एक्सेस औयल को मैनेज करने में मदद करने के लिए मेकअप से पहले मैटिफाइंग प्राइमर लगाएं. यह मेकअप को लंबे समय तक बनाए रखने में भी मदद करेगा.
फाउंडेशन लाइट होना चाहिए
मौनसून में चेहरे पर लिक्विड फाउंडेशन लगाने से बचें. इस सीजन में पाउडर फाउंडेशन लगाएं. इस से स्किन की चिपचिपाहर दूर होती है, साथ ही नमी या बारिश से निबटने के लिए हलके और वाटरप्रूफ फाउंडेशन को भी चुन सकती हैं. यह आप के मेकअप को जगह पर बने रहने में मदद करेगा.
आईशैडो, आईलाइनर और मसकारा
मौनसून के मौसम के दौरान बाकी मेकअप को मिनिमल रखते हुए आंखों और होंठों को हाइलाइट करना अच्छा विचार है. इस के लिए वाइब्रेंट और वाटरप्रूफ आईशैडो को चुनें. इस के अलावा वाटरप्रूफ आईलाइनर से अपनी आंखों को डिफाइन करें. वहीं, आंखों को बड़ा बनाने के लिए पलकों को वाटरप्रूफ मसकारा से कर्ल करें.
सेटिंग स्प्रे से मेकअप सेट करें
आप बारिश के मौसम में जब भी मेकअप करें तो सेटिंग स्प्रे से इसे सेट करें. इस के लिए आप मेकअप से पहले सेटिंग स्प्रे का इस्तेमाल करें. इस के बाद मेकअप जब हो जाए तो फिर सेटिंग स्प्रे को लगाएं. इस से आपका मेकअप बारिश में नहीं बहेगा.
मैट लिपस्टिक का ही यूज करें
मौनसून में कुछ लिक्विड लिपस्टिक जल्दी फैल जाती है. इस से होंठ गंदे और मैसी दिखते हैं. लौंगलास्टिंग और मैट लिपस्टिक का इस्तेमाल करें. इस से आप के होंठ लंबे समय तक अच्छे दिखेंगे. बरसात में लौंग लास्टिंग मैट टोंस या क्रीम मैट लिप कलर्स सही रहते हैं.
बहुत ज्यादा डार्क लिपस्टिक लगाने से आप को ओल्ड व मैच्योर लुक मिलेगा. बेहतर होगा की पिंकिश टोंस ट्राई करें. आप चाहें तो लिप ग्लौस भी ट्राई कर सकती हैं. यह आप को यंगर लुक देगा.
हेयरस्टाइल भी हो मौसम के अनुरूप
बारिश के मौसम में खुले बाल टूटते भी बहुत हैं और भीग कर बेकार हो जाते हैं. इसलिए कोशिश करें कि अपने बालों के हिसाब से कोई पोनीटेल या ऐसा हेयरस्टाइल बनाएं जिस में बालों को बांध सकें. जुड़ा भी बनाया जा सकता है यह बारिश में भी टिका रहता है.
