अपनी सुंदरता में चार चांद लगाना किसे नहीं भाता! हर स्त्री सुंदर दिखते रहना चाहती है और इसके लिए वह उम्र के निशानों को मिटाने की भरपूर कोशिशें करती रहती है. इसी राह में वह नए ब्यूटी प्रोडक्ट्स और नई पद्धतियों का सहारा लेती है.
मार्केट में आए दिन कोई ना कोई नई टेकनीक आती रहती है जो हमारी खूबसूरती को कायम रखने में मददगार सिद्ध होती है. ऐसी ही कुछ नई टेकनीक हैं - चीन से आई जेड रो, कोरिया से आए फेसलिफ्ट टेप और शीट मास्क जिनकी सहायता से आप घर बैठे ही अपनी त्वचा का ख्याल रख सकती हैं. आइए, और जानकारी लेते हैं इन तीनों तकनीकों के बारे में.
1. जेड रोलर
जैसा कि नाम से ही लगता है जेड रोलर एक ऐसा टूल है जो पेंट रोलर की आकृति का होता है. एक सिरे या फिर दोनों सिरों पर जेड स्टोन (हरिताश्म पत्थर), अमेथिस्ट (बिल्लौर), और रोज क्वार्ट्ज (गुलाबी स्फटिक) पत्थर लगे होते हैं. यह तकनीक चीन में सातवीं शताब्दी में आई थी, और तभी से महिलाएं इसका प्रयोग करती आई है. आजकल यह तकनीक कुछ ज्यादा ही पॉपुलर हो रही है. केवल चीन में ही नहीं, अन्य देशों में भी इसकी चर्चा आम है. आपको जेड रोलर ऑनलाइन मार्केट में आसानी से मिल जाएंगे, जैसे अमेजॉन, नायिका या फिर पर्पल जैसी शॉपिंग वेबसाइट पर. ऑफलाइन दुकानों में भी यह उपलब्ध हैं. अमूमन इनकी कीमत रुपए 400/- से लेकर ₹1500/- तक होती है.
