No Needle Mesotherapy: हर महिला चाहती है कि उस की त्वचा हमेशा चमकदार, मुलायम और जवान बनी रहे. लेकिन जिंदगी की भागदौड़, धूपधूल, बदलता मौसम और स्ट्रैस हमारी स्किन की रौनक चुरा लेता है. कभी पिगमैंटेशन, कभी झुर्रियां तो कभी ड्राइनैस हमें आईने में अपने ही चेहरे को देख कर सोचने पर मजबूर कर देती है.
कई बार महिलाएं स्किन ट्रीटमैंट कराने का सोचती हैं लेकिन सुई, दर्द और निशान के डर से कदम पीछे खींच लेती है. यही डर सब से बड़ा अवरोध था. लेकिन अब टैक्नोलौजी ने इस डर को खत्म कर दिया है और इस का सब से अच्छा उदाहरण है नो नीडल मेसोथेरैपी.
इस में किसी भी तरह की सूई का इस्तेमाल नहीं होता. एक खास मशीन हलकी इलैक्ट्रिक करंट और माइक्रो वेव्स की मदद से स्किन को इतना रिलैक्स कर देती है कि न्यूट्रिशन देने वाले सीरम और एक्टिव इनग्रीडिऐंट्स आसानी से अंदर पहुंच जाते हैं. न दर्द, न रैडनैस, न निशान और असर उतना ही गहरा जितना पहले वाली मैसोथेरैपी में होता था.
इस का सैशन बेहद आरामदायक होता है. मशीन का टच नर्म सा मसाज जैसा एहसास देता है. कोई चुभन नहीं, बस हलकी गरमाहट और रिलैक्सेशन. करीब 20-30 मिनट में सैशन पूरा हो जाता है और आप तुरंत अपनी दिनचर्या में लौट सकती हैं. इसी वजह से इसे ‘लंच टाइम ट्रीटमैंट’ भी कहते हैं लंच ब्रेक में कराया और चेहरे पर ताजगी ले कर लौट आएं.
