सर्दी का मौसम आते ही केशों का खराब होना एक आम समस्या है. सर्द मौसम के प्रभाव से केशों की चमक खोने लगती है व केश रूखे हो कर बेजान से नजर आते हैं. इस मौसम में सिर की त्वचा शुष्क होने से पपड़ीदार हो जाती है, जिस से खारिश भी होने लगती है. लेकिन थोड़ी सी देखभाल से आप अपने केशों को स्वस्थ, मजबूत और चमकदार बनाए रख सकती हैं. इस के लिए यह जान लेना भी जरूरी है कि यह मौसम किस तरह हमारे केशों व त्वचा को प्रभावित करता है. सर्दी में चलने वाली ठंडी और शुष्क हवा हमारी त्वचा और केशों से नमी छीन लेती है और नमी का कम होना त्वचा के पपड़ीदार होने व रूसी होने का कारण बनता है. ऐसे में केशों के रोमकूप भी कमजोर होते हैं. जाड़े में सिर की त्वचा में रक्तसंचार भी कम हो जाता है. इस के मौसम में इस्तेमाल किए जाने वाले हीटर, ब्लोअर आदि भी वातावरण के साथसाथ केशों से भी नमी सोख लेते हैं, जिस से यह समस्या और बढ़ जाती है. सर्दियों में केशों की देखभाल का अर्थ यही है कि इन्हें ज्यादा से ज्यादा मौइश्चर और पोषण प्रदान किया जाए ताकि ये स्वस्थ व चमकदार बने रहें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...