स्क्रब से स्किन में जमी हुई गंदगी आसानी से बाहर निकल जाती है. यह स्किन को रूखा और बेजान होने से बचाता है और स्किन को फ्रैश व कोमल भी बनाता है. स्क्रब कई तरह के होते हैं. आप अपनी पसंद के अनुसार उन्हें बाजार से खरीद व चाहे तो घर में भी बना सकती हैं.
जब हो अनईवन स्किन टोन की समस्या
स्किन की रंगत में असमानता के पीछे कई कारण हो सकते हैं. गरमी में तेज धूप में बाहर घूमने से ज्यादातर महिलाओं के साथ यह समस्या होती है. स्किन की रंगत एकसमान करने के लिए स्क्रब सब से आसान उपाय है.
स्किन की रंगत एकसमान करने के लिए आप चावल का आटा और दही का इस्तेमाल कर सकती हैं. चावल का आटा और दही से बना हुआ मिश्रण बौडी स्क्रब का काम बहुत अच्छे तरीके से करता है. चावल के आटे में स्किन लाइटनिंग एजेंट होता है जो स्किन के कलर को लाइट करता है. साथ ही साथ, दही स्किन को अंदर से नमी प्रदान करता है. इस मिश्रण को बनाने के लिए 2 से 3 चम्मच चावल का आटा और 2 से 3 चम्मच दही लें. दोनों को मिला कर पेस्ट बना लें और पूरे शरीर पर लगा कर हलके हाथों से 8 से 10 मिनट तक मसाज करें, फिर गुनगुने पानी से नहा लें.
