आज हमारी लाइफ बड़ी अव्यवस्थित हो गई है. ऐसे में अगर आप हर्बल बाथ या कहें शाही स्नान करेंगी तो आप को अद्भुत तरोताजगी महसूस होगी. जानिए कुछ खास शाही स्नान के बारे में:
क्लियोपेट्रा बौडी पौलिशिंग
इतिहास की सब से खूबसूरत महिलाओं में शुमार मिस्र की महारानी क्लियोपेट्रा खूबसूरत बनी रहने के लिए दूध से स्नान करती थीं. हालांकि तुर्की में हुए एक अध्ययन के अनुसार ये महारानी अपना यौवन बरकरार रखने के लिए गधी के दूध से नहाती थीं. खूबसूरत दिखने के लिए ऐसी अजीबोगरीब हरकत करने वाली वे अकेली महारानी नहीं थीं. अध्ययन में गधी के दूध में गाय के दूध की तुलना में कम वसा पाई गई, जो हर लिहाज से बेहतर है. क्या आप भी अपनी खूबसूरती बरकरार रखने के लिए दूध का स्नान लेना चाहती हैं? फेब मीटिंग के दौरान फैशन मेकअप ऐंड वैलनैस ऐक्सपर्ट संगीता साहनी ने दूध से स्नान करना बताया. क्लियोपेट्रो बौडी मसाज का मतलब यहां बौडी पौलिशिंग से है, जिस में दूध का भी इस्तेमाल किया जाएगा. सब से पहले संगीता ने कई प्राकृतिक व हर्बल तत्त्वों को बांध कर एक मलमल के कपड़े की पोटली तैयार की, फिर उसे कुनकुने गाढ़े दूध में डिप कर के उस से मौडल को बौडी मसाज देनी शुरू की.
