पालक की पत्तियां स्वास्थ्य के लिए तो अच्छी होती हैं ही, रूप निखारने में भी इनका खूब इस्तेमाल किया जाता है. अगर आप नियमित तौर पर इनका इस्तेमाल करेंगे तो खुद ही महसूस करेंगे कि त्वचा में एक अलग निखार आ गया है. पालक की पत्तियों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके इस्तेमाल से ढलती उम्र के लक्षण कम नजर आते हैं.
पालक की पत्तियों में भरपूर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट पाया जाता है. इसके अलावा यह विटामिन ए और सी का भी एक अच्छा माध्यम है. लवणों की बात करें तो इसमें मैग्नीशियम, आयरन, पोटैशियम और ऑक्जेलिक एसिड होते हैं. ये सभी तत्व बालों के लिए अच्छे होने के साथ ही त्वचा की देखभाल के लिए भी बेहतरीन रहते हैं.
पालक की पत्तियों के कुछ ऐसे उपाय जिन्हें आप अब तक नहीं जानते होंगे :
1. लंबे बालों के लिए
पालक में विटामिन बी, सी और ई पाया जाता है. इसके अलावा इसमें पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन और ओमेगा 3 फैटी एसिड्स भी भरपूर होते हैं. ये सभी तत्व बालों की लंबाई के लिए बेहद जरूरी होते हैं. पालक में मौजूद आयरन शरीर में ऑक्सीजन के बहाव को बढ़ाता है. इससे कोशिकाओं में रक्त संचार बढ़ता है. इस वजह से पालक बालों की लंबाई बढ़ाने में मदद करता है.
