नैचुरल बालों के साथ दूसरे बालों को जोड़ने की कला को हेयर ऐक्सटैंशन कहते हैं. यह कला सालों पुरानी है, जिस का प्रयोग बालों की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए किया जाता रहा है. इस प्रक्रिया में न तो दर्द होता है और न ही इस का कोई साइड इफैक्ट है.
क्यों किया जाता हेयर ऐक्सटैंशन
लंबाई बढ़ाने के लिए: बालों की लैंथ बढ़ाने के लिए पतलीपतली ऐक्सटैंशन को नैप यानी गरदन के पीछे के भाग पर लगवाएं. ऐसा करने से बाल नीचे से लंबे दिखने लगेंगे.
वौल्यूम बढ़ाने के लिए: बालों में अगर वौल्यूम परफैक्ट हो तो वे सिर्फ सुंदर ही नहीं, बल्कि हैल्दी भी नजर आते हैं. बालों से मैचिंग क्लिपऔन को कई जगह क्लिप कर के इन का वौल्यूम बढ़ाया जा सकता है.
कलर ऐड करने के लिए: ग्लैमरस लुक की चाहत है, लेकिन कलर करवाने से डर रही हैं, तो हेयर ऐक्सटैंशन एक परफैक्ट समाधान है. बालों के बीच में अपनी पसंदीदा या फिर ड्रैस से मैचिंग अथवा ट्रैंड के मुताबिक किसी भी हौट कलर को ऐड कर के खुद को ग्लैमरस लुक दे सकती हैं.
हेयर ऐक्सटैंशन के प्रकार
सिंथैटिक हेयर ऐक्सटैंशन: सिंथैटिक हेयर्स से बने ऐक्सटैंशन ज्यादातर क्लिपऔन फौर्म में मिलते हैं. ये कई कलर्स जैसे रैड, ब्लू, यलो, बू्रनेट, ब्राउन, पिंक, पर्पल आदि में मिलते हैं. आप अपनी पसंद के अनुसार इन का इस्तेमाल कर सकती हैं. जिन्हें बालों को कलर करना पसंद है, लेकिन कैमिकल के डर से कलर नहीं करवातीं, उन के लिए सिंथैटिक हेयर ऐक्सटैंशन परफैक्ट होते हैं.
