Bollywood Shooting Hours : एक समय में बौलीवुड हीरोइनों का सफल कैरियर काल काफी कम सालों का होता था क्योंकि खूबसूरत से खूबसूरत और सफल हीरोइनों की जैसे ही शादी हो जाती थी या वे बच्चे की मां बन जाती थीं तो उन के अभिनय कैरियर पर पूर्णविराम लग जाता था। इस के पीछे की खास वजह यह थी कि कोई हीरोइन शादीशुदा होने के बाद कई दृश्य जैसे इंटीमेट सीन्स, अंग प्रदर्शन के लिए मना कर देती थीं. समय की पाबंदी भी एक समस्या थी।
दरअसल, शादी के बाद बच्चे और परिवार की प्राथमिकता के चलते हीरोइनों का ध्यान अपने अभिनय कैरियर से भटकने लगता है, जिस के चलते मेकर्स ऐसी हीरोइनों पर पैसा लगाने के लिए तैयार नहीं होते, जिन की वजह से फिल्म को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में शादी के बाद कई हीरोइनें अच्छा रोल न मिलने की वजह से या तो घर बैठ जाती हैं या भाभी और मां के किरदार निभाने लगती हैं, जिस के चलते एक समय में कई हीरोइनें फिल्मी कैरियर खत्म होने के डर से या तो लंबे समय तक शादी ही नहीं करती थीं या शादी होने के बावजूद अपनेआप को कुंआरी बताती थीं.
शादी को रखती हैं छिपा कर
मशहूर अभिनेत्री जूही चावला ने अपनी शादी होने की खबर को काफी समय तक छिपा कर रखा था. माधुरी दीक्षित, शिल्पा शेट्टी, रवीना टंडन और श्रीदेवी जैसी हीरोइनों ने अपने फिल्मी कैरियर को बचाए रखने के चक्कर में लंबे समय तक शादी नहीं की थी.
