इलियाना को बौलीवुड में पहला ब्रेक 2012 में अनुराग बासु की फिल्म ‘बर्फी’ से मिला. फिल्म हिट रही. उन के मासूम अंदाज को सब ने पसंद किया. उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू अवार्ड मिला. इस के बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया, जिस में ‘रुस्तम’ और ‘रेड’ हिट फिल्में रहीं. जब इलियाना 10 साल की थीं तब उन का परिवार मुंबई से गोवा शिफ्ट हो गया. चूंकि उन का बचपन गोवा में बीता है, इसलिए इलियाना को जब भी समय मिलता है गोवा जाना पसंद करती हैं. वे अपनी मां को अपना आदर्श मानती हैं, तो माधुरी दीक्षित और काजोल के अभिनय से बहुत प्रभावित हैं.
इलियाना कई सालों से रिलेशनशिप में हैं और इस प्रकार खुल कर बात करने से हिचकिचाती नहीं. वे कहती हैं, ‘‘किसी भी रिश्ते के बारे में साफ कह देना हमेशा अच्छा रहता है. इसे मैं गलत नहीं समझती. इस से सामने वाले को आप को समझने में आसानी होती है. आस्ट्रेलियन फोटोग्राफर ऐंड्रयू नीबोन मेरा बौयफ्रैंड है. उस के साथ मेरी अच्छी ट्यूनिंग है. ‘‘अगर रिश्ते की बात करें, तो हर रिलेशनशिप अलग होता है. अपने मातापिता के संबंध से मैं बहुत प्रभावित हूं. ऐंड्रयू के साथ मेरा संबंध अलग है. आप किसी भी रिश्ते को प्रिडिक्ट नहीं कर सकते. समय के साथसाथ उस से तालमेल बैठाना पड़ता है. ऐंड्रयू बहुत ही रोमांटिक इंसान है.’’
