दुबई में मायक्रोसाफ्ट कंपनी की नौकरी छोड़कर मुंबई आकर बौलीवुड से जुड़ने वाली कुबरा सैट ने लंबा संघर्ष किया है. ‘रेडी’, ‘जोड़ी ब्रेकर्स’, ‘आई लव एन वाय’, ‘सुल्तान’ सहित कुछ फिल्मों में छोटे छोटे किरदार निभाते आ रही अभिनेत्री कुबरा सैट अचानक सुर्खियों में हैं और इसका श्रेय जाता है ‘नेटफिल्क्स’ पर प्रसारित वेब सीरीज ‘‘सेक्रेड गेम्स’’ को,जिसमें कुबरा सैट ने एक ट्रांसजेंडर बार डांसर कुकू का किरदार निभाते हुए फ्रंट न्यूडिटी का सीन कर हंगामा मचा दिया. यह वेब सीरीज विक्रम चंद्रा की 2006 की इसी नाम की किताब पर आधारित है.
प्रस्तुत है कुबरा सैट के घर पर हुई एक्सक्लूसिव बातचीत के अंश.
दुबई में मायक्रोसाफ्ट कंपनी की अच्छी नौकरी छोड़कर अभिनय की तरफ मुड़ने के पीछे कोई खास वजह रही?
मायक्रोसाफ्ट कंपनी में नौकरी करते हुए भी मैं रेडियो पर शो कर रही थी. सरल शब्दों में कहूं तो मुझे अभिनय का शौक बचपन से था. जब मेरी छुट्टियां चल रही थीं, तब मुझे एक ‘ब्यूटी पीजेंट’ का हिस्सा बनने का अवसर मिला. उसके बाद मुझे एक अंतरराष्ट्रीय फिल्म में सिर्फ कैमरे के सामने से गुजरने का सीन करने को मिला, तो मैंने कर लिया. फिर मैंने सोचा कि इस संकोच के साथ नौकरी क्यों की जाए कि पता नहीं अभिनय में मजा आएगा या नहीं? अतः मैंने नौकरी छोड़कर अभिनय में किस्मत आजमाने की सोच ली.
