Duology Movies: पिछले कुछ सालों से बौलीवुड में 2 भागों में बनी फिल्मों का क्रेज फिल्म मेकर के बीच शुरू हो चुका है, इस में वे किसी भी बड़ी स्टारकास्ट को ले कर, कहानी में थोड़ी फेरबदल कर फिल्म को 2 भागों या इस से अधिक में बना लेते हैं. इस में उन्हें अधिक कुछ सोचना नहीं पड़ता और ऐक्शन व बेकार की कौमेडी के बीच उसे हौल में रिलीज कर देते हैं.
इसी कड़ी में 'हाउसफुल 5' जो 2 भागों में बनी थी, जिस की कहानी और कौमेडी दोनों ही बेसिरपैर रही, 1 भाग को देखने के बाद दर्शक इतने मायूस हुए कि दूसरा देखने के लिए हिम्मत नहीं जुटा पाए और फिल्म बुरी तरह से फ्लौप रही.
जोखिम
असल में 2 भागों में बनी फिल्म (डुओलौजी) बनाना जरूरी है या नहीं, यह कहानी की प्रकृति, बजट और निर्देशक की विजन पर निर्भर करता है. यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है जब कहानी इतनी बड़ी हो कि एक फिल्म में न समा पाए, जैसे 'बाहुबली', 'केजीएफ', जिस से कहानी में गहराई और दर्शकों के लिए ज्यादा जुड़ाव आता है, लेकिन इस के लिए ज्यादा समय, पैसा और मार्केटिंग लगती है और यह जोखिमभरा भी हो सकता है.
अगर पहला भाग सफल न हो, तो दूसरे भाग को देखने के लिए दर्शक साहस नहीं जुटा पाते और फिल्म फ्लौप हो जाती है.
