बिंदास परिणीति पिछले कुछ महीनों से फिट नजर आ रही हैं. उन का कहना है कि अपनी बॉडी को फिट रखने के लिए वे खूब पसीना बहाती हैं. अब वे जल्द ही फिल्म ‘मेरी प्यारी बिंदु’ से बी टाउन में वापसी करने वाली हैं, जिसमें उनके अपोजिट आयूष्मान खुराना होंगे.
अपने नए स्लिम अवतार को अपनी महीनों की मेहनत का परिणाम मानने वाली परिणीति चोपड़ा से जब मुलाकात हुई तो उन्होंने अपने स्लिमट्रिम होने के राज के साथसाथ अपनी पर्सनल बातें भी शेयर कीं. पेश हैं, कुछ चुनिंदा अंश:
अपनी आने वाली फिल्म में आप गाना भी गा रही हैं?
जी, बिलकुल सही सुना है. यशराज बैनर की फिल्म ‘मेरी प्यारी बिंदु’ में मेरी भूमिका एक गायिका की है. इसलिए मैंने सोचा क्यों न अपनी आवाज में ही गाना गाया जाए. फिल्म निर्माण टीम की तरफ से यह सुझाव आया था. पहले तो मैंने मना किया फिर सोचा कि मेरी बड़ी बहन भी तो अच्छा गाती हैं. अत: मैंने हां कह दी. संगीत चोपड़ा फैमिली के खून में ही है. हमारे यहां सभी गाना गाते हैं. अपने चाचा और बहन के साथ मैं भी बचपन में गाया करती थी.
क्या आप ने कोई संगीत शिक्षा ली है?
जी, बिलकुल. मैंने शास्त्रीय संगीत की विधिवत शिक्षा ली है. पहले में सिर्फ बाथरूम सिंगर थी, पर अब सुर के साथ गाने की कोशिश कर रही हूं. इस फिल्म में मेरे ऊपर काफी गाने फिल्माए गए हैं पर कितने गानों में अपनी आवाज दूंगी, यह अभी तय नहीं हुआ है.
