Rajeev Khandelwal : टीवी और फिल्म ऐक्टर राजीव खंडेलवाल, जो टीवी इंडस्ट्री की जानीमानी हस्ती हैं और मशहूर रियलिटी शो 'सच का सामना के' होस्ट रह चुके हैं, अब काफी समय बाद महिलाओं को सम्मान देने वाला रियलिटी शो 'तुम हो ना' से सोनी चैनल में ऐंट्री कर रहे हैं.
राजीव खंडेलवाल, जो औरतों का बहुत सम्मान करते हैं अपनी मां के बहुत ज्यादा लाडले रहे हैं. उन की मां आज इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन अपनी मां की यादें राजीव हमेशा दिल में संजोए रखते हैं.
दिलचस्प बातें
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान राजीव खंडेलवाल ने अपनी मां को याद करते हुए कुछ दिलचस्प बातें बताईं जो दिल को छूने वाली हैं.
राजीव के अनुसार, जब भी मैं अपनी मां की बात करता हूं तो उन का भोलाभाला, मुसकराता हुआ चेहरा मेरी आंखों के सामने घूम जाता है और आंखें नम हो जाती हैं.
वे कहते हैं कि पिताजी मिलिट्री में थे इसलिए वे ज्यादा घर पर नहीं रहते थे, लिहाजा मां ने ही हम तीनों भाइयों की परवरिश अकेले की थीं। उन्होंने कभी भी लड़का या लड़की में भेदभाव नहीं किया इसलिए वे हम तीनों से ही घर के सारे काम करवाती थीं जैसे कपड़े साफ कराना, बर्तन धुलवाना, झाड़ूपोंछा लगाना, खाना बनाना वगैरह.
