Sumbul Touqeer: डस्की कलर, सुंदर कदकाठी, विनम्र स्वभाव की टीवी अभिनेत्री सुंबुल तौकीर खान ने कैरियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड ऐक्ट्रैस से की थी. इस के बाद उन्होंने रियलिटी शो 'लिटिल मास्टर्स' और 'चंद्रगुप्त मौर्य', 'जोधा अकबर', 'वारिस' आदि कई शो में काम किया है. सुंबुल टीवी सीरियल 'इमली' से सुर्खियों में आईं और घरघर पहचानी गईं.
इस के अलावा उन्होंने हिंदी शौर्ट फिल्म 'घर की ज्योति', 'आर्टिकल 15' में भी अभिनय किया है, जिस में आलोचकों ने उन के काम की बहुत तारीफ की.
मध्य प्रदेश के कटनी में जन्मीं सुंबुल के पिता तौकीर हसन खान एक टीवी कोरियोग्राफर हैं, यही वजह थी कि सुंबुल को बचपन से ही कला का माहौल मिला. 5 साल की उम्र से ही उन्होंने कई प्रकार के डांस सीखना शुरू कर दिया था. जब वह केवल 6 साल की थीं, उन के पेरैंट्स का तलाक हो गया था. बाद में पिता ने ही दोनों बेटियों को संभाला.
ऐक्टिंग स्किल्स और वर्सटाइल रोल्स से वाहवाही बटोरने वाली सुंबुल कम उम्र में ही बेहद पौपुलर हो गईं और एक लंबा सफर तय कर लिया. उन के इस सफर में कई बाधाएं और उतारचढ़ाव उन्हें अपने सांवले रंग के लिए देखने पड़े, जहां कई बार औडिशन देने के बाद भी औफर नहीं मिला, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आगे बढ़ीं.
