Mental Health Awareness: मुंबई में 'राइड टू ऐंपावर-मुंबई साइक्लोथोन 2025' का रविवार को एमएमआरडीए ग्राउंड, बांद्रा कुर्ला कौंप्लेक्स (बीकेसी) में सफलतापूर्वक समापन हुआ. लोहे फाउंडेशन ने स्पोर्ट्स अथारिटी औफ इंडिया (एसएआई) के सहयोग से एफाईटी इंडिया मूवमेंट के तहत इस आयोजन को सफल बनाया. 6,000 से अधिक साइकिल चालकों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया, जिन में शौकिया साइकिल चालक, पेशेवर एथलीट, परिवार और पैरा एथलीट सभी शामिल थे.

सशक्त प्रदर्शन

यह आयोजन मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के समर्थन में एकजुटता का एक सशक्त प्रदर्शन रहा. बौलीवुड के जानेमाने अभिनेता और फिटनैस आइकन सुनील शेट्टी, वरिष्ठ अभिनेता जैकी श्रौफ, श्रीकृष्ण प्रकाश (आईपीएस), एडीजी फोर्स वन, प्लानिंग ऐंड कोआर्डिनेटर और अभिनेत्री महिमा चौधरी ने इस साइक्लोथोन को हरी झंडी दिखाई.

इस प्रेरणादायक शुरुआत के साथ ही शहर की सब से बड़ी सामुदायिक राइड ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.

भारत में बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों, खासकर युवाओं में, के बीच 'राइड टू ऐंपावर मुंबई साइक्लोथोन' जैसी पहल व्यापक जागरूकता फैलाने में अहम है.

खुली चर्चा

नीरजा बिरला द्वारा स्थापित भारत की अग्रणी मानसिक स्वास्थ्य संस्था एम-पावर ने इस आयोजन में भावनात्मक कल्याण पर खुली चर्चा को प्रोत्साहित किया. उन्होंने मानसिक बीमारियों से जुड़े कलंक को मिटाने और समय पर मदद लेने के महत्त्व पर जोर दिया.

एम-पावर ने इस ऊर्जाभरे सामुदायिक फिटनैस इवेंट के माध्यम से यह संदेश दृढ़ किया कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितनी ही महत्त्वपूर्ण है. संगठन का मानना है कि सामूहिक सामाजिक प्रयास वास्तविकता में सार्थक बदलाव ला सकते हैं. इस पहल ने जनता को मानसिक कल्याण के प्रति सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...