कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार दिवाली को अलग ढंग से मनाने की प्लानिंग सभी कर रहे है. बच्चे हो या वयस्क हर व्यक्ति घर में रहकर अपने परिवार के साथ इसे एन्जॉय करने वाले है, क्योंकि बाहर जाना उचित नहीं. कोविड 19 ने त्योहारों की खुशियों को कम जरुर किया है, पर इसकी मिठास को कम नहीं कर पायी, क्योंकि अब इस त्यौहार को नए और अनोखे अंदाज़ में मनाने की कोशिश छोटे पर्दे के कलाकार कर रहे है. आइये जाने, कैसे वे इस बार कोरोना काल में दिवाली की मिठास को बनाये रखेंगे और उनकी प्लानिंग क्या है?
सावी ठाकुर
धारावाहिक ‘पोरस’ में कनिष्क की भूमिका निभाकर चर्चित हो चुके अभिनेता सावी कहते है कि मुझे दिवाली का त्यौहार बहुत पसंद है. इस साल कोरोना की वजह से कोई प्लान नहीं है. दिवाली पूरे परिवार के साथ मनाये जाने में ही मज़ा है, जो इस बार नहीं हो सकता. इस बार मैं अपने परिवार और घर को मिस कर रहा हूं. इस दिन मैं हिमाचल में अपने दोस्तों के साथ घुमा करता था और बाज़ार की रौनक देखा करता था. चारों तरफ रौशनी से सजे घर आंगन और दुकाने खूबसूरत लगती थी, लेकिन इस बार मैं मुंबई से ही वर्चुअल मीटिंग कर सबसे बातें करूँगा.
