छोटे परदे पर चुलबुली अदाकारा के रूप में जानी जाने वाली डेलनाज ईरानी अपनी इमेज को बदलना नहीं चाहती हैं. यही वजह है कि उन्होंने हमेशा हंसतीमुसकराती हुई भूमिका निभाई. मुंबई के पारसी परिवार में जन्मीं डेलनाज अपने काम से हमेशा संतुष्ट रहती हैं.
90 के दशक में बाबा सहगल के एक म्यूजिक वीडियो से डेलनाज ने अभिनय की शुरुआत की थी. इस के बाद उन्होंने कई फिल्मों में कौमिक रोल किए, साथ ही कई टीवी धारावाहिकों में भी अभिनय किया. धारावाहिक ‘परिवर्तन’ के दौरान डेलनाज और अभिनेता राजीव पाल मिले, प्यार हुआ और फिर शादी कर ली. लेकिन उन की शादीशुदा जिंदगी अधिक दिनों तक नहीं चली. 14 साल के बाद दोनों ने तलाक ले लिया.
इन दिनों डेलनाज फिल्मों और छोटे परदे के अलावा वैब सीरीज में भी काम कर रही हैं. उन्हें हर नया काम और उस में आई चुनौती को लेना पसंद है. उन से हुई बातचीत के अंश इस प्रकार हैं.
वैब सीरीज में काम करने की वजह क्या थी?
मैं ने टीवी, फिल्म, शौर्ट फिल्म आदि सब में काम किया है, लेकिन जब वैब सीरीज की बात आई तो मुझे लगा कि मैं इस फील्ड में भी काम करूं क्योंकि आजकल डिजिटल का माध्यम बहुत बढ़ गया है. जो हम फिल्मों और टीवी पर नहीं दिखा सकते उसे वैब सीरीज पर दिखाया जा सकता है. इस की कहानी मेरे दिल को छू गई और फिर इस से जुड़ गई.
