Pahalgam Attack 2025 : जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल, 2025 को निहत्थे पर्यटकों पर आतंकवादियों द्वारा अचानक हुए हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. पर्यटकों में कई मासूम लोगों की मौत से पूरे भारत की जनता सकते में आ गई, क्योंकि यह हमला पाकिस्तानी आतंकवादियों की वजह से अमल में आया था. इसलिए एक बार फिर हिंदुस्तान पाकिस्तान के बीच न सिर्फ रिश्ते खराब हो गए बल्कि काफी समय के लिए दूरियां भी आ गईं.
अब इस का असर फिल्म इंडस्ट्री पर भी पड़ा है. पाकिस्तान के कई ऐक्टर्स जो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं और हिंदी फिल्मों में काम कर भी रहे हैं, इस हादसे के बाद उन पर सब से ज्यादा बुरा असर पड़ा क्योंकि सारे पाकिस्तानी ऐक्टरों को भारत में काम करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया. इस के अलावा गरमाते माहौल के चलते बौलीवुड के कई मशहूर सितारों ने न सिर्फ अपने शोज कैंसिल किए, बल्कि रिलीज होने वाली फिल्मों को भी आगे बढ़ा दिया.
पाकिस्तानी ऐक्टरों पर बैन
22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम अटैक का सब से सीधा और बुरा असर पाकिस्तानी ऐक्टरों पर पड़ा और वहां के सारे ऐक्टरों को बौलीवुड इंडस्ट्री में बैन कर दिया गया. इतना ही नहीं, पाकिस्तानी ऐक्टरों के इंस्टाग्राम अकाउंट भी भारत में बैन कर दिए गए जिस के चलते वे सभी ऐक्टर्स जो बौलीवुड की हिंदी फिल्मों में काम करने की कोशिश में जुटे थे उन सभी पर पाकिस्तान कलाकारों की उम्मीदों पर पानी फिर गया.
